अमरिया में रामलीला मेले के हिसाब-किताब को लेकर खूनी विवाद, फायरिंग में तीन युवकों की मौत 19 वर्षीय कुणाल


लोकेशन पीलीभीत
रिपोर्टर एमडी तौसीर
वंदे भारत न्यूज़ टीवी।
अमरिया में रामलीला मेले के हिसाब-किताब को लेकर खूनी विवाद, फायरिंग में तीन युवकों की मौत 19 वर्षीय कुणाल, 26 वर्षीय अंकित गुप्ता और मोहित गुप्ता की मौत से कस्बे में मचा हड़कंप, मुख्य आरोपी बताए जा रहे कौशल गुप्ता को पुलिस ने हिरासत में लिया, भारी पुलिस बल तैनात।
पीलीभीत। अमरिया कस्बे में सोमवार देर शाम आगामी रामलीला मेले की तैयारियों को लेकर बुलाई गई बैठक के दौरान पिछले वर्ष के हिसाब-किताब मांगने पर दो पक्षों के बीच विवाद हो गया। देखते ही देखते कहासुनी ने गंभीर रूप ले लिया और फायरिंग की घटना से पूरे कस्बे में सनसनी फैल गई गोली लगने से तीन युवकों की मौत हो गई। मृतकों की पहचान 19 वर्षीय कुणाल, 26 वर्षीय अंकित गुप्ता और मोहित गुप्ता के रूप में हुई है। घटना के बाद मृतकों के परिवारों में कोहराम मच गया, जबकि कस्बे में तनाव और दहशत का माहौल बन गया। एहतियातन क्षेत्र में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। जानकारी के मुताबिक, आगामी रामलीला मेले की तैयारियों को लेकर बैठक बुलाई गई थी। बैठक के दौरान पिछले वर्ष मेले में हुए आय-व्यय का हिसाब मांगे जाने पर मौजूद लोगों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया। आरोप है कि इसी दौरान एक पक्ष की ओर से फायरिंग कर दी गई, जिसमें तीन युवक गोली लगने से गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद घायलों को उपचार के लिए अमरिया अस्पताल ले जाया गया। वहां चिकित्सकों ने कुणाल और अंकित गुप्ता को मृत घोषित कर दिया। वहीं, गंभीर रूप से घायल मोहित गुप्ता को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए बरेली रेफर किए जाने की जानकारी सामने आई थी। बाद में मोहित गुप्ता की भी मौत हो गई। तीन युवकों की मौत की खबर से परिवारों में मातम छा गया और कस्बे में शोक के साथ आक्रोश का माहौल बन गया। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी बताए जा रहे कौशल गुप्ता को हिरासत में लिया है। कस्बे में शांति व्यवस्था बनाए रखने और किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है। फायरिंग किन परिस्थितियों में हुई, विवाद के दौरान मौके पर कौन-कौन मौजूद था और घटना में अन्य लोगों की क्या भूमिका रही, इन सभी बिंदुओं पर पुलिस साक्ष्य जुटा रही है। फिलहाल पुलिस की प्राथमिकता क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखना और मामले की निष्पक्ष जांच कर आगे की कार्रवाई करना है।

