सूरवारी में सेवा संकल्प अभियान 2026 के तहत कैरियर काउंसलिंग कार्यक्रम आयोजित, विद्यार्थियों को दी गई कानूनों की जानकारी

सूरवारी, गोटेगांव। मध्यप्रदेश शासन के तकनीकी शिक्षा, कौशल विकास एवं रोजगार मंत्रालय के अंतर्गत संचालित सेवा संकल्प अभियान 2026 के तहत शासकीय सर्वोदय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, सूरवारी में कैरियर काउंसलिंग कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों को कैरियर के विभिन्न विकल्पों, रोजगार के अवसरों और बच्चों के अधिकारों से जुड़े महत्वपूर्ण कानूनों की जानकारी दी गई।
कैरियर विकल्पों और रोजगार के अवसरों पर मार्गदर्शन
जिला रोजगार कार्यालय नरसिंहपुर से पहुंचीं काउंसलर श्रीमती रश्मि साहू और कु. मनोरमा कश्यप ने विद्यार्थियों को भविष्य में कैरियर चुनने के संबंध में मार्गदर्शन दिया। उन्होंने बताया कि विद्यार्थियों को अपनी रुचि, योग्यता और क्षमताओं के अनुसार लक्ष्य निर्धारित करना चाहिए। साथ ही, विभिन्न क्षेत्रों में उपलब्ध कैरियर विकल्पों और रोजगार की संभावनाओं के बारे में भी जानकारी दी गई।
POCSO और किशोर न्याय अधिनियम के प्रति किया जागरूक
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को पॉक्सो (POCSO) अधिनियम के बारे में जानकारी देते हुए बच्चों की सुरक्षा, उनके अधिकारों और लैंगिक अपराधों से संरक्षण के प्रति जागरूक किया गया।
इसके अलावा, किशोर न्याय (बालकों की देखरेख और संरक्षण) अधिनियम, 2015 यानी जेजे एक्ट (JJ Act) के प्रमुख प्रावधानों पर भी चर्चा की गई। विद्यार्थियों को बाल श्रम, बाल विवाह, शोषण और दुर्व्यवहार से बच्चों की सुरक्षा, अनाथ एवं जरूरतमंद बच्चों की देखभाल तथा प्रत्येक बच्चे को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने के महत्व के बारे में बताया गया। साथ ही, बच्चों के अधिकारों की रक्षा के प्रति समाज की जिम्मेदारियों पर भी प्रकाश डाला गया।
विद्यालय प्राचार्य ने बताया महत्वपूर्ण
विद्यालय के प्राचार्य श्री सतीश कुमार चौधरी ने ऐसे कार्यक्रमों को विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य और सामाजिक जागरूकता के लिए महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि कैरियर संबंधी मार्गदर्शन के साथ-साथ बच्चों को उनके अधिकारों और सुरक्षा से जुड़े कानूनों की जानकारी मिलना भी आवश्यक है।
इस अवसर पर श्री आशीष जैन, श्री वीरेंद्र मेहरा, श्री नरेंद्र विश्वकर्मा, श्री लक्ष्मण सेन, श्री शिरीष वर्मा, श्रीमती माधुरी शर्मा, श्रीमती सपना नेमा सहित अन्य अतिथि एवं विद्यालय के वीटी शिक्षक उपस्थित रहे।
गोटेगांव से पंडित पवन मिश्रा की रिपोर्ट।

