Thu, 15 Oct 20262:30 PM
Thu, Oct 15, 2026Updated 2:30 PM IST
होम › राजस्थान

सुमेरपुर में एसपी मोनिका सेन की जनसुनवाई, बाइक चोरी और एमडी ड्रग्स का मुद्दा उठा

WhatsAppFacebookX

News video GIF

राजस्थान के पाली जिले में पुलिस अधीक्षक मोनिका सेन बुधवार को सुमेरपुर सिटी थाने पहुंचीं, जहां नगरवासियों ने उनका राजस्थानी साफा पहनाकर, शॉल ओढ़ाकर और माला भेंट कर स्वागत किया। इस दौरान थाना परिसर में जनसुनवाई और सीएलजी बैठक आयोजित की गई। बैठक में शहर और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों की विभिन्न समस्याएं उठाई गईं।

बाइक चोरी और यातायात व्यवस्था को लेकर उठे सवाल

जनसुनवाई के दौरान लोगों ने शहर में मोटरसाइकिल चोरी की बढ़ती घटनाओं, यातायात व्यवस्था, अवैध हथियारों और कथित तौर पर एमडी ड्रग्स की बिक्री का मुद्दा पुलिस अधीक्षक के सामने रखा। शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों से आए लोगों और सीएलजी सदस्यों ने अपनी समस्याओं से एसपी को अवगत कराया।

मिली जानकारी के अनुसार, पुलिस अधीक्षक ने संबंधित अधिकारियों को समस्याओं के समाधान और आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। जनसुनवाई में लोगों ने क्षेत्र में कानून-व्यवस्था मजबूत करने और असामाजिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने की जरूरत पर जोर दिया।

पंचायती राज चुनाव की तैयारियों की समीक्षा

आगामी पंचायती राज चुनाव-2026 को ध्यान में रखते हुए पुलिस अधीक्षक मोनिका सेन ने पुलिस अधिकारियों के साथ बैठक कर कानून-व्यवस्था और सुरक्षा तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने संवेदनशील क्षेत्रों में निगरानी बढ़ाने, पुलिस सतर्कता बनाए रखने और चुनाव के दौरान शांति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

सुमेरपुर से पाली जाते समय एसपी ने सांडेराव क्षेत्र में चुनावी बूथों का निरीक्षण भी किया। इस दौरान उन्होंने सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया और आवश्यक तैयारियों की जानकारी ली।

त्योहारों पर शांति और सद्भाव बनाए रखने की अपील

पुलिस अधीक्षक ने आमजन से आगामी त्योहारों को प्रेम, सद्भाव और भाईचारे के साथ मनाने की अपील की। उन्होंने लोगों से क्षेत्र में शांति बनाए रखने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को देने का आग्रह किया।

इस अवसर पर एडिशनल एसपी किशोर सिंह, डीएसपी भवानी सिंह, सिटी थानाधिकारी सवाई सिंह, सदर थानाधिकारी भगाराम मीणा सहित पुलिसकर्मी मौजूद रहे।

वहीं, सीएलजी सदस्य रविकांत रावल, प्रेमचंद बरूथ, विनोद पारेख, नटवर रामीणा, नरेश माली, बाबू सिंह राजपुरोहित, सरदार खान, सुरेश माली और कैलाश गोयल सहित पुलिस मित्र भी उपस्थित रहे।

सुमेरपुर से गौरीशंकर वैष्णव की रिपोर्ट।