मैनपुरी के बेवर में निकली भगवान श्रीराम की भव्य बारात, 120 झांकियों ने मोहा लोगों का मन


मैनपुरी जिले के बेवर शहर में भगवान श्रीराम की भव्य बारात धूमधाम से निकाली गई। बारात के दौरान पूरा शहर जय श्रीराम के जयकारों से गूंज उठा। वर्षों पुरानी परंपरा के तहत आयोजित इस आयोजन में करीब 120 आकर्षक झांकियां शामिल हुईं, जिन्हें देखने के लिए आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोग पहुंचे।
बारात का शुभारंभ नवीन गल्ला मंडी से भगवान श्रीराम और माता जानकी की पूजा-अर्चना एवं आरती के साथ हुआ। मेला अध्यक्ष अनुपम दीक्षित और मेला कमेटी की देखरेख में निकली बारात ने शहर के विभिन्न मार्गों का भ्रमण किया। बाहर से आए कलाकारों ने अपनी झांकियों के माध्यम से कला का प्रदर्शन किया, जिसने दर्शकों का ध्यान आकर्षित किया।
रोशनी से जगमगाया बेवर शहर
बारात के स्वागत के लिए शहरवासियों ने अपने घरों और प्रतिष्ठानों पर आकर्षक रोशनी की व्यवस्था की। नगर पंचायत की ओर से भी बारात मार्ग पर प्रकाश की व्यवस्था की गई। बाहर से आए लोगों के स्वागत के लिए जगह-जगह जलपान की व्यवस्था की गई, ताकि श्रद्धालुओं और दर्शकों को किसी प्रकार की परेशानी न हो।
पुलिस की रही कड़ी सुरक्षा व्यवस्था
बारात के दौरान सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल तैनात रहा। पुलिस अधीक्षक नगर अरुण कुमार सिंह के नेतृत्व में क्षेत्राधिकारी भोगांव और बेवर थाना प्रभारी सहित महिला एवं पुरुष पुलिसकर्मियों ने सुरक्षा की जिम्मेदारी संभाली। भीड़ को देखते हुए अन्य थानों से भी पुलिस बल बुलाया गया और शहर के विभिन्न स्थानों पर तैनाती की गई।
पुलिस की निगरानी में भगवान श्रीराम की बारात शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई। शहर का भ्रमण करने के बाद बारात मध्यरात्रि में मेला मैदान पहुंची, जहां आयोजन का समापन हुआ।
बीरेश कुमार सिंह की रिपोर्ट, वंदे भारत लाइव टीवी न्यूज़, मैनपुरी।

