Sat, 17 Oct 20262:12 PM
Sat, Oct 17, 2026Updated 2:12 PM IST
होम › मध्य प्रदेश

इंदौर: 10 साल की बच्ची की मौत के मामले में हर्ष क्लिनिक के संचालक और डॉक्टर पर केस दर्ज

WhatsAppFacebookX

News video GIF

इंदौर में कथित अवैध क्लिनिक में इलाज के दौरान 10 साल की बच्ची की मौत के मामले में पुलिस ने कार्रवाई की है। जूनि इंदौर थाना क्षेत्र स्थित हर्ष क्लिनिक के संचालक श्रीचंद बागेजा और इलाज करने वाले डॉ. ज्ञान एस. पंजवानी के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया गया है। पुलिस अब आरोपियों की गिरफ्तारी और उनकी शैक्षणिक डिग्रियों व दस्तावेजों की जांच में जुटी है।

पहले भी क्लिनिक में महिला की मौत होने का मामला

जानकारी के अनुसार, हर्ष क्लिनिक में इससे पहले भी एक महिला की मौत हुई थी। इसके बाद स्वास्थ्य विभाग ने क्लिनिक बंद कराया था। आरोप है कि इसके बावजूद क्लिनिक दोबारा संचालित किया गया।

हाल ही में एक 10 वर्षीय बच्ची की तबीयत इलाज के दौरान बिगड़ने पर उसे एमवाय अस्पताल रेफर किया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। बच्ची की मौत के बाद क्लिनिक के संचालन और वहां दी जा रही चिकित्सा सुविधाओं पर सवाल उठे।

स्वास्थ्य विभाग की जांच में अनियमितताओं की बात

पुलिस के मुताबिक, घटना के बाद मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (सीएमएचओ) को पत्र लिखकर जांच समिति गठित कराई गई। समिति की रिपोर्ट में क्लिनिक के संचालन और इलाज की प्रक्रिया में अनियमितताएं सामने आने की बात कही गई है।

इसी आधार पर क्लिनिक संचालक और इलाज करने वाले डॉक्टर के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 105 सहित संबंधित कानूनी प्रावधानों के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम गठित की है। साथ ही, उनकी शैक्षणिक योग्यताओं और दस्तावेजों की भी जांच की जा रही है।

बाइट: नरेंद्र रावत, डीसीपी

पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। बच्ची की मौत के मामले में आरोपों की पुष्टि और जिम्मेदारी का निर्धारण जांच के निष्कर्षों के आधार पर होगा।

निर्मल रोकड़े की रिपोर्ट, इंदौर, मध्य प्रदेश।