जांजगीर में निकली 365 फीट लंबी चुनरी यात्रा, देवी दाई मंदिर में हुई महाआरती


जांजगीर शहर में धर्म जागरण समन्वय और गायत्री मंदिर प्रज्ञा पीठ के तत्वावधान में 365 फीट लंबी भव्य चुनरी यात्रा निकाली गई। गायत्री मंदिर से शुरू हुई यह यात्रा देवी दाई मंदिर बस्ती तक पहुंची, जहां माता रानी की महाआरती कर प्रसाद वितरण किया गया।
धार्मिक उत्साह के साथ शामिल हुईं महिलाएं
चुनरी यात्रा में विभिन्न धार्मिक समूहों की महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। यात्रा के दौरान बड़ी संख्या में नगरवासी भी मौजूद रहे। आयोजकों के अनुसार, इस कार्यक्रम का उद्देश्य धर्म जागरण और सनातन धर्म के प्रति जागरूकता बढ़ाना है।
यात्रा के समापन पर देवी दाई मंदिर में विधि-विधान से महाआरती की गई और श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया। आयोजन में शामिल लोगों ने धार्मिक परंपराओं से जुड़े ऐसे कार्यक्रमों को समाज में आस्था और विश्वास को मजबूत करने वाला बताया।
कई गणमान्य लोग रहे मौजूद
इस अवसर पर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रांत कार्यवाहक चंद्रशेखर देवांगन, गायत्री प्रज्ञा पीठ की संस्थापक चमेली देवी शुक्ला, प्रांत कार्यकारिणी सदस्य लोमश राम साहू, सह विभाग कार्यवाहक लक्ष्मी नारायण सोनी, धर्म जागरण समन्वय से अंजू गबेल और बाल कल्याण समिति की सदस्य अनुराधा शुक्ला सहित बड़ी संख्या में शहरवासी उपस्थित रहे।
धार्मिक आयोजन में श्रद्धालुओं की भागीदारी और मंदिर परिसर में हुई महाआरती के साथ कार्यक्रम संपन्न हुआ।
वीरेन्द्र शर्मा की रिपोर्ट, ब्यूरो चीफ, जांजगीर-चांपा, छत्तीसगढ़।

