Sat, 17 Oct 20265:28 PM
Sat, Oct 17, 2026Updated 5:28 PM IST
होम › मध्य प्रदेश

सिंहस्थ-2028 की तैयारियों को गति देने के लिए रेलवे और प्रशासनिक अधिकारियों की संयुक्त बैठक

WhatsAppFacebookX

News video GIF

उज्जैन में सिंहस्थ-2028 की तैयारियों को लेकर रेलवे और जिला प्रशासन ने निर्माण कार्यों में समन्वय बढ़ाने की दिशा में कदम उठाए हैं। संभागायुक्त एवं सिंहस्थ मेला अधिकारी आशीष सिंह की अध्यक्षता में कलेक्टर कार्यालय के प्रशासनिक संकुल भवन में संयुक्त बैठक आयोजित की गई। बैठक में सड़क कनेक्टिविटी, सड़क चौड़ीकरण, जलापूर्ति और पुल निर्माण से जुड़े कार्यों की समीक्षा की गई।

संभागायुक्त आशीष सिंह ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए कि निर्माण कार्य सुरक्षा मानकों का पालन करते हुए आपसी समन्वय के साथ समय पर पूरे किए जाएं। बैठक में कार्यों की प्रगति और सामने आ रही बाधाओं पर चर्चा कर उनके निराकरण के लिए आवश्यक निर्णय लिए गए।

रेलवे स्टेशन के जर्जर भवन को हटाने के निर्देश

बैठक में रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर-1 की ओर स्थित जर्जर भवन को सुरक्षा की दृष्टि से हटाने के निर्देश दिए गए। इसके साथ ही रेलवे लाइन के ऊपर और नीचे प्रस्तावित रोड ओवर ब्रिज (आरओबी) तथा रोड अंडर ब्रिज (आरयूबी) के निर्माण से संबंधित प्रस्ताव जल्द प्रस्तुत करने को कहा गया।

अधिकारियों को इन परियोजनाओं के लिए आवश्यक तकनीकी और प्रशासनिक औपचारिकताएं समय पर पूरी करने के निर्देश भी दिए गए, ताकि निर्माण कार्यों में अनावश्यक देरी न हो।

विभिन्न सड़कों और रेलवे क्रॉसिंग के प्रस्तावों की समीक्षा

बैठक में रतारिया रोड, मताना-सालारखेड़ी रोड, मेतवा रोड, देवास-लालपुर रोड और नईखेड़ी रोड से संबंधित मामलों पर भी चर्चा हुई। संभागायुक्त ने संबंधित विभागों को इन प्रकरणों में शीघ्र कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

रेलवे क्रॉसिंग के स्थान पर आरओबी या आरयूबी बनाने के प्रस्तावों को लेकर आवश्यक अनापत्ति प्रमाणपत्र और अन्य प्रक्रियाएं समय पर पूरी करने पर भी जोर दिया गया।

रेलवे और संबंधित विभागों के अधिकारी रहे मौजूद

बैठक में रेलवे के एडीआरएम रतलाम कुन्जी लाल मीना, वरिष्ठ मंडल इंजीनियर (समन्वय) पीयूष पाण्डेय, कलेक्टर रौशन कुमार सिंह, नगर निगम आयुक्त अभिलाष मिश्रा और जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्रेयांस कूमट सहित नगर निगम, लोक निर्माण विभाग, मध्य प्रदेश विद्युत वितरण कंपनी और अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

सिंहस्थ-2028 में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के आगमन को देखते हुए सड़क संपर्क, यातायात और बुनियादी सुविधाओं से जुड़े निर्माण कार्यों का समय पर पूरा होना महत्वपूर्ण है। बैठक में इन कार्यों को गति देने और विभागों के बीच समन्वय बेहतर बनाने पर जोर दिया गया।

गौरव पेडवा की रिपोर्ट, उज्जैन, मध्य प्रदेश।