धन ओसाते समय पंखा में कपड़ा फंसने से महिला की मौत

बाराबंकी। जनपद बाराबंकी के फतेहपुर थाना क्षेत्र के नारायणपुर गांव में शुक्रवार को धान ओसाते समय हुए दर्दनाक हादसे में करीब 43 वर्षीय महिला की मौत हो गई। धान की फसल की मड़ाई के दौरान महिला के कपड़े पंखे में फंस गए, जिससे वह उसकी चपेट में आ गई। हादसा इतना गंभीर था कि महिला का एक हाथ शरीर से अलग हो गया। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया और पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
जानकारी के अनुसार, ग्राम नारायणपुर मजरे मुजाहिदपुर निवासी रामसखी पत्नी लवकुश शुक्रवार को अपने घर के दरवाजे पर धान की फसल ओसाने का काम कर रही थीं। इसी दौरान धान ओसाने के लिए चल रहे पंखे में उनके शरीर पर पहना कपड़ा अचानक फंस गया। कपड़ा फंसते ही वह पंखे में उलझ गईं और गंभीर रूप से घायल हो गईं।
हादसे को देखकर मौके पर मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। महिला को बचाने के लिए ग्रामीण दौड़े और आनन-फानन में पंखे को चलाने वाले इंजन को बंद किया गया, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी। गंभीर चोटों के कारण रामसखी की मौत हो गई।
मां की मौत से तीन बच्चों पर टूटा दुखों का पहाड़
रामसखी की मौत की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। पति लवकुश और उनके तीन बच्चों सविता, सुनीत और विनीत का रो-रोकर बुरा हाल है। जिस घर में धान की फसल तैयार होने के बाद कामकाज चल रहा था, वहां अचानक मातम छा गया। मां की असमय मौत से तीनों बच्चों के सिर से ममता का साया उठ गया।
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इस दर्दनाक हादसे के बाद नारायणपुर गांव में शोक का माहौल है।

