Mon, 26 Oct 20269:52 PM
Mon, Oct 26, 2026Updated 9:52 PM IST
होम › उत्तर प्रदेश

युवक की आत्महत्या के मामले में एक युवक आरोपी गिरफ्तार

WhatsAppFacebookX

युवक की आत्महत्या के मामले में एक आरोपी गिरफ्तार, अन्य की तलाश जारी

प्रेमिका के परिजनों पर उत्पीड़न का आरोप, घटना से पहले का वीडियो सामने आने के बाद दर्ज हुआ था मुकदमा

बाराबंकी। फतेहपुर क्षेत्र में युवक मोहित वर्मा की आत्महत्या के मामले में पुलिस ने एक नामजद आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। वहीं, मामले में शामिल अन्य नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस प्रयास कर रही है।

जानकारी के अनुसार, मोहम्मदपुर खाला थाना क्षेत्र के आलेमऊ गांव निवासी 25 वर्षीय मोहित वर्मा फतेहपुर कस्बे में किराए के कमरे में रहता था। वह एक दंत चिकित्सक के क्लीनिक पर काम करता था। बीते 13 अक्टूबर की सुबह ददरपुर चौराहे के पास प्रेमिका के घर के पीछे कटहल के पेड़ से उसका शव फंदे पर लटका मिला था।

वीडियो में लगाए थे उत्पीड़न के आरोप

घटना से पहले मोहित का बनाया गया एक वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित हुआ था। वीडियो में उसने प्रेमिका के पिता, मां, भाई और मामा सहित अन्य लोगों पर उत्पीड़न करने के आरोप लगाए थे। इसके बाद मृतक के पिता विमलेश वर्मा ने पुलिस को तहरीर देकर अपने बेटे को प्रताड़ित किए जाने का आरोप लगाया था।

पिता की तहरीर के आधार पर पुलिस ने प्रेमिका के पिता कुशल वर्मा, मां, भाई सत्येंद्र कुमार और मामा अनूप वर्मा समेत अन्य लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया था।

एक आरोपी जेल भेजा गया

पुलिस के मुताबिक, मामले में नामजद आरोपी अनूप कुमार उर्फ अनुपम, पुत्र सुरेश चंद्र वर्मा, निवासी ग्राम मोहनी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। अन्य नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार प्रयास कर रही है।

वहीं, अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने के चलते मृतक के परिजन आगे की कार्रवाई का इंतजार कर रहे हैं। परिजनों ने मामले की निष्पक्ष जांच और उचित कार्रवाई की उम्मीद जताई है।

इस संबंध में शिव शक्ति सिंह ने बताया कि मामले में एक आरोपी मामा को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए प्रयास किए जा रहे हैं और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

अमर सिंह | वंदे भारत न्यूज, ब्यूरो चीफ बाराबंकी