सुलह के दौरान दामाद पर ससुर का गला दबाने का आरोप, मौत

सुलह के दौरान दामाद पर ससुर का गला दबाने का आरोप, मौत
बेटी की शादी से जुड़े विवाद को सुलझाने अवसानेश्वर मंदिर परिसर पहुंचे थे दोनों पक्ष, पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया शव
हैदरगढ़, बाराबंकी। बाराबंकी के हैदरगढ़ क्षेत्र में मंगलवार दोपहर बेटी की शादी से जुड़े विवाद में सुलह-समझौते के दौरान मामला बिगड़ गया। आरोप है कि विवाद बढ़ने पर दामाद ने अपने 50 वर्षीय ससुर का गला दबा दिया, जिससे उनकी हालत गंभीर हो गई। परिजन उन्हें घर ले गए, लेकिन तबीयत बिगड़ने पर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) हैदरगढ़ ले जाते समय उनकी मौत हो गई। अस्पताल में चिकित्सक ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मामले की जांच में जुट गई।
मृतक की पहचान हैदरगढ़ थाना क्षेत्र के दाउदपुर मजरे रौनी निवासी भवानी प्रसाद पुत्र शंकर (50) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि भवानी प्रसाद ने करीब दो वर्ष पहले अपनी बेटी की शादी रायबरेली जनपद के शिवगढ़ थाना क्षेत्र के सूरजपुर मजरा देहली निवासी कुशमेश पुत्र विद्याप्रसाद से की थी। पिछले छह माह से उनकी विवाहित बेटी मायके में रह रही थी। इसी विवाद को सुलझाने के लिए मंगलवार दोपहर करीब 12 बजे दोनों पक्ष अवसानेश्वर मंदिर परिसर में एकत्र हुए थे।
बताया जाता है कि मंदिर परिसर में बातचीत के दौरान किसी बात को लेकर विवाद बढ़ गया। आरोप है कि इसी दौरान दामाद कुशमेश ने अपने ससुर भवानी प्रसाद का गला दबा दिया। इसके बाद भवानी प्रसाद की हालत बिगड़ गई। परिजन उन्हें घर ले गए, लेकिन उनकी तबीयत में सुधार नहीं हुआ। बाद में उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र हैदरगढ़ ले जाया जा रहा था, तभी रास्ते में उनकी मौत हो गई। अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सक ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना के समय लड़के पक्ष की ओर से कुशमेश के चाचा राजू, नाना देवी दयाल और चाचा चंदर भी मौजूद बताए जा रहे हैं। घटना की सूचना मिलने पर प्रभारी निरीक्षक पांडे पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा की कार्रवाई पूरी की और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। भवानी प्रसाद की मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद हो सकेगी। पुलिस जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई करेगी।

