Sun, 01 Nov 20263:38 AM
Sun, Nov 1, 2026Updated 3:38 AM IST
होम › मध्य प्रदेश

शामगढ़ पुलिस की बड़ी कार्रवाई, ट्रैक्टर-ट्रॉली से 509 किलो डोडाचूरा जब्त, एक आरोपी गिरफ्तार

WhatsAppFacebookX

News video GIF

मंदसौर। अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे एंटी नारकोटिक्स अभियान के तहत शामगढ़ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए बिना नंबर के लाल रंग के मैसी ट्रैक्टर-ट्रॉली से 509 किलोग्राम डोडाचूरा जब्त किया है। पुलिस ने मौके से एक आरोपी को गिरफ्तार किया है, जबकि डोडाचूरा के स्रोत से जुड़े एक अन्य आरोपी को फरार बताया गया है।

पुलिस के अनुसार, 31 अक्टूबर 2026 को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक बिना नंबर का लाल रंग का मैसी ट्रैक्टर-ट्रॉली बसई से मेलखेड़ा होते हुए गरोठ की ओर जा रहा है, जिसमें अवैध मादक पदार्थ डोडाचूरा भरा हुआ है। सूचना पर शामगढ़ पुलिस टीम ने देवरी-मेलखेड़ा आम रोड पर ग्राम टकरावद फंटा के पास घेराबंदी कर संदिग्ध ट्रैक्टर-ट्रॉली को रोका और तलाशी ली।

तलाशी के दौरान ट्रॉली में रखे 27 काले प्लास्टिक के कट्टों से कुल 509 किलोग्राम डोडाचूरा बरामद हुआ। पुलिस ने ट्रैक्टर चालक की पहचान रमेश प्रजापति (51), निवासी ग्राम शक्करखेड़ी, थाना नाहरगढ़, जिला मंदसौर के रूप में की। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर मादक पदार्थ और ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त कर ली।

पुलिस पूछताछ में गिरफ्तार आरोपी ने डोडाचूरा से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली ग्राम शक्करखेड़ी निवासी कुशमल पिता माधुलाल पाटीदार से लाना बताया। इसके बाद पुलिस ने रमेश प्रजापति और कुशमल पाटीदार के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/15 एवं 29 के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना में लिया है। मामले में डोडाचूरा के स्रोत और तस्करी से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच जारी है।

1 करोड़ 11 लाख 18 हजार रुपये की सामग्री जब्त

पुलिस द्वारा जब्त किए गए 509 किलोग्राम डोडाचूरा की अनुमानित कीमत 1 करोड़ 1 लाख 80 हजार रुपये बताई गई है। वहीं लाल रंग के बिना नंबर वाले मैसी ट्रैक्टर-ट्रॉली की कीमत करीब 10 लाख रुपये आंकी गई है। इस तरह कुल 1 करोड़ 11 लाख 80 हजार रुपये की सामग्री जब्त की गई है।

गिरफ्तार आरोपी

रमेश पिता मोहनलाल प्रजापति, उम्र 51 वर्ष, निवासी ग्राम शक्करखेड़ी, थाना नाहरगढ़, जिला मंदसौर।

फरार आरोपी

कुशमल पिता माधुलाल पाटीदार, निवासी ग्राम शक्करखेड़ी, थाना नाहरगढ़, जिला मंदसौर।

पुलिस टीम का सराहनीय योगदान

यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार मीना के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राम सनेही मिश्रा एवं एसडीओपी सीतामऊ दिनेश प्रजापति के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी शामगढ़ उप निरीक्षक कपिल सौराष्ट्रीय के नेतृत्व में की गई। कार्रवाई में सउनि शारदा प्रसाद तिवारी, प्रधान आरक्षक धनपाल जाट, प्रधान आरक्षक ममशाद नूर, आरक्षक विशाल सिंह, प्रेम कुमार रावत एवं हीरालाल की महत्वपूर्ण भूमिका रही।