भिलाई बाजार में उत्साह: मंडल अध्यक्ष दिनेश राठौर ने दी दीपावली और छठ महापर्व की आत्मीय शुभकामनाएं, कहा— हर घर में हो खुशियों का उजियारा

भिलाई बाजार। भारतीय जनता पार्टी मंडल अध्यक्ष (भिलाई बाजार) दिनेश राठौर ने दीपावली और लोकआस्था के महापर्व छठ पूजा के पावन अवसर पर प्रदेशवासियों, क्षेत्रवासियों और समस्त नगरवासियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं।
अपने शुभकामना संदेश में मंडल अध्यक्ष दिनेश राठौर ने कहा कि दीपावली केवल दीपों का त्योहार नहीं, बल्कि अंधकार पर प्रकाश, निराशा पर आशा और असत्य पर सत्य की विजय का महान प्रतीक है। यह पर्व हम सभी को आपसी प्रेम, भाईचारे और सद्भाव के साथ जीवन में आगे बढ़ने की प्रेरणा देता है।
उन्होंने छठ महापर्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि यह हमारी समृद्ध लोकसंस्कृति, गहरी आस्था, अनुशासन और प्रकृति के प्रति कृतज्ञता का अनुपम उदाहरण है। सूर्योपासना का यह महापर्व हमें त्याग, तपस्या, स्वच्छता और समाज के प्रति समर्पण का संदेश देता है।
दिनेश राठौर ने ईश्वर से कामना की कि माँ लक्ष्मी की कृपा से क्षेत्र के प्रत्येक परिवार में सुख, समृद्धि और वैभव का वास हो तथा छठी मइया के आशीर्वाद से सभी के जीवन में उत्तम स्वास्थ्य, शांति और खुशहाली आए। समाज में एकता, प्रेम और सहयोग की भावना और अधिक मजबूत हो।
उन्होंने सभी क्षेत्रवासियों से अपील की कि इन पावन पर्वों की खुशियों को जरूरतमंदों के साथ भी साझा करें, ताकि समाज के हर वर्ग में उल्लास का संचार हो सके। साथ ही, पर्यावरण के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाते हुए दीपावली और छठ पूजा को श्रद्धा, उत्साह और सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाएं।

