दीपावली से पहले मैदान में उतरे एसपी-कलेक्टर: लौर थाने में सुनीं लोगों की समस्याएं, अवैध शराब और जमीन विवाद पर दिए सख्त संदेश, देवतालाब मंदिर का भी किया निरीक्षण


दीपावली से पहले लौर थाने पहुंचे एसपी-कलेक्टर, शांति समिति की बैठक में सुनीं लोगों की समस्याएं, देवतालाब मंदिर का भी किया निरीक्षण
मऊगंज। दीपावली के त्योहार को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से मऊगंज जिले के वरिष्ठ पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों ने लौर थाना क्षेत्र का दौरा किया। पुलिस अधीक्षक मनोहर सिंह मंडलोई एवं कलेक्टर राजेश कुमार ओगरे लौर थाना पहुंचे, जहां शांति समिति की बैठक आयोजित कर स्थानीय लोगों की समस्याएं सुनीं और क्षेत्र की कानून व्यवस्था को लेकर चर्चा की।
बैठक में पुलिस अधीक्षक मनोहर सिंह मंडलोई ने कहा कि दीपावली के त्योहार को देखते हुए पुलिस पूरी तरह सतर्क है। क्षेत्र में अवैध शराब के कारोबार पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। पुलिस का मुखबिर तंत्र सक्रिय है और जैसे ही अवैध शराब या अन्य गैरकानूनी गतिविधियों से संबंधित कोई इनपुट मिलेगा, तत्काल कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि त्योहार के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखना पुलिस की प्राथमिकता है और कानून व्यवस्था बिगाड़ने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
वहीं कलेक्टर राजेश कुमार ओगरे ने क्षेत्र में विवादित जमीन एवं अवैध कब्जे से जुड़ी समस्याओं को लेकर कहा कि राजस्व और पुलिस विभाग आपसी समन्वय के साथ इन मामलों का निराकरण करेंगे। दोनों विभागों की संयुक्त बैठक भी हुई है, जिसमें तय किया गया है कि विवादित भूमि एवं अवैध कब्जे से संबंधित मामलों में राजस्व टीम और पुलिस एक साथ मिलकर कार्रवाई करेंगे। इसका उद्देश्य जमीन संबंधी विवादों को समय रहते सुलझाना और क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखना है।
देवतालाब मंदिर का भी किया निरीक्षण
लौर थाना में बैठक एवं निरीक्षण के बाद एसपी मनोहर सिंह मंडलोई और कलेक्टर राजेश कुमार ओगरे प्रसिद्ध देवतालाब मंदिर पहुंचे। यहां उन्होंने मंदिर परिसर का निरीक्षण कर दीपावली के मद्देनजर सुरक्षा एवं व्यवस्थाओं का जायजा लिया। अधिकारियों ने मंदिर से जुड़ी व्यवस्थाओं का अवलोकन करते हुए आवश्यक तैयारियों पर चर्चा की, ताकि त्योहार के दौरान श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो।
इस दौरान अधिकारियों ने स्थानीय नागरिकों से दीपावली का त्योहार आपसी भाईचारे, सौहार्द और शांति के साथ मनाने की अपील की। साथ ही भरोसा दिलाया कि पुलिस एवं प्रशासन आमजन की समस्याओं के निराकरण और क्षेत्र में कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध हैं।
इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शशिकांत सरयाम, एसडीओपी सच्ची पाठक, लौर थाना प्रभारी रीना सिंह एवं देवतालाब के नायब तहसीलदार उमाकांत शर्मा सहित पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।

