धनबाद, 27 अक्टूबर 2025:त्योहारों के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चलाए जा रहे विशेष जांच अभियान में धनबाद पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। बैंक मोड़ थाना पुलिस ने डकैती की साजिश रच रहे एक अंतरराज्यीय गिरोह के दो सदस्यों को हथियार और फर्जी नंबर प्लेट सहित गिरफ्तार किया है।
इस संबंध में सोमवार को डीएसपी (लॉ एंड ऑर्डर) नौशाद आलम ने प्रेस वार्ता कर जानकारी दी। उन्होंने बताया कि जांच के दौरान संदिग्ध हालत में बाइक सवार दो व्यक्तियों को पकड़ा गया। पूछताछ में उनकी पहचान दिलीप यादव और अजय कुमार के रूप में हुई।तलाशी में उनके पास से एक देसी कट्टा, दो जिंदा कारतूस, फर्जी नंबर प्लेट, बाइक और मोबाइल फोन बरामद किया गया। प्रारंभिक पूछताछ में दोनों ने स्वीकार किया कि वे धनबाद के कई आभूषण दुकानों की रेकी कर रहे थे और डकैती की योजना बना रहे थे।
डीएसपी नौशाद आलम ने बताया कि दोनों आरोपी बिहार के मोतिहारी जिले के निवासी हैं और पहले भी वहां के एक डकैती कांड में जेल जा चुके हैं। पुलिस अब गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश में जुटी है।> “त्योहारों के मद्देनजर पुलिस पूरी तरह सतर्क है। किसी भी साजिश को नाकाम करने के लिए निगरानी और जांच तेज कर दी गई है,” – डीएसपी नौशाद आलम
पुलिस ने दोनों आरोपितों के मोबाइल और संपर्क सूत्रों की जांच शुरू कर दी है ताकि गिरोह के नेटवर्क को पूरी तरह ध्वस्त किया जा सके। दोनों के खिलाफ आर्म्स एक्ट और अन्य संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
















