Sun, 08 Nov 20265:29 PM
Sun, Nov 8, 2026Updated 5:29 PM IST
होम › उत्तर प्रदेश

हमीरपुर में तेज रफ्तार ट्रक का कहर: यामाहा बाइक शोरूम में घुसा बेकाबू ट्रक, 15 नई बाइक क्षतिग्रस्त, करीब 30 लाख का नुकसान

WhatsAppFacebookX

News video GIF

हमीरपुर, उत्तर प्रदेश। जिले में तेज रफ्तार ट्रक का कहर देखने को मिला। कानपुर से कबरई की ओर जा रहा एक ट्रक यमुना पुल के पास अनियंत्रित होकर बाइक शोरूम में जा घुसा। हादसे में शोरूम के बाहर और अंदर रखी करीब 15 नई मोटरसाइकिलें क्षतिग्रस्त हो गईं। शोरूम संचालक के अनुसार हादसे में लगभग 30 लाख रुपये का नुकसान हुआ है।

प्राप्त जानकारी के मुताबिक, घटना सदर कोतवाली क्षेत्र के यमुना पुल के पास स्थित यामाहा बाइक शोरूम (पंडित मोटर्स) की है। बताया जा रहा है कि ट्रक कानपुर की ओर से कबरई जा रहा था। इसी दौरान चालक को नींद की झपकी आने के कारण ट्रक अनियंत्रित हो गया और सीधे बाइक शोरूम में जा घुसा।

ट्रक की टक्कर इतनी जोरदार थी कि शोरूम के बाहर खड़ी आधा दर्जन से अधिक नई मोटरसाइकिलें बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं। वहीं शोरूम के अंदर रखी अन्य गाड़ियां भी ट्रक की चपेट में आ गईं। अचानक हुए इस हादसे से इलाके में अफरा-तफरी मच गई।

शोरूम मैनेजर विजय शर्मा के अनुसार, क्षतिग्रस्त मोटरसाइकिलों में कुछ की कीमत करीब 2.20 लाख रुपये और कुछ की लगभग डेढ़ लाख रुपये थी। इनमें कुछ बाइक ग्राहकों द्वारा पहले से बुक कराई गई थीं, जिन्हें डिलीवरी के लिए तैयार किया जा रहा था।

हादसे में लाखों रुपये का नुकसान होने के बावजूद राहत की बात यह रही कि कोई बड़ा जनहानि वाला हादसा नहीं हुआ। घटना के समय यदि शोरूम में ग्राहक या कर्मचारी मौजूद होते तो स्थिति और गंभीर हो सकती थी।

घटना के बाद स्थानीय लोगों ने ट्रक चालक को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस द्वारा मामले में कार्रवाई किए जाने की जानकारी सामने आई है।

सड़क सुरक्षा का सवाल: लगातार होने वाली सड़क दुर्घटनाएं एक बार फिर यह सोचने पर मजबूर करती हैं कि लंबी दूरी तय करने वाले वाहन चालकों को पर्याप्त आराम करना कितना जरूरी है। नींद और थकान की हालत में वाहन चलाना चालक के साथ-साथ सड़क पर चलने वाले अन्य लोगों के लिए भी जानलेवा साबित हो सकता है।

रिपोर्ट: डॉ. निज़ाम ख़ान
वन्दे भारत न्यूज हमीरपुर
हमीरपुर, उत्तर प्रदेश