Mon, 09 Nov 20268:23 PM
Mon, Nov 9, 2026Updated 8:23 PM IST
होम › उत्तर प्रदेश

लखीमपुर खीरी : पत्रकारों से अभद्रता और धमकी के मामले में पढ़ुआ थाने द्वारा नहीं लिखी गई F I R अब पत्रकार संगठन ने उठाई आवाज, सीओ/एसपी को ज्ञापन सौंपकर करेगा कार्रवाई की माँग

WhatsAppFacebookX

लखीमपुर खीरी। जनपद के थाना पढुआ क्षेत्र अंतर्गत ग्राम दुलही में सड़क निर्माण विवाद के दौरान पत्रकारों के साथ कथित अभद्रता, धमकी और पत्रकारिता के कार्य में बाधा डालने का मामला अब तूल पकड़ता नजर आ रहा है। इस प्रकरण को लेकर पत्रकार प्रेस जनहित सेवा फाउंडेशन ने संज्ञान लेते हुए पत्रकारों के सम्मान और सुरक्षा की आवाज उठाई है।

संगठन की ओर से इस संबंध में पुलिस अधीक्षक, लखीमपुर खीरी को संबोधित ज्ञापन जारी किया गया है। पत्रकारों द्वारा यह ज्ञापन क्षेत्राधिकारी (सीओ) अथवा पुलिस अधीक्षक को सौंपा जाएगा। ज्ञापन के माध्यम से पूरे मामले की निष्पक्ष एवं दबावमुक्त जांच कराकर दोषियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की मांग की जाएगी।

ज्ञापन में उल्लेख किया गया है कि 04 नवंबर 2026 को ग्राम दुलही में सड़क निर्माण को लेकर चल रहे विवाद के दौरान मौके पर मौजूद पत्रकारों के साथ कुछ व्यक्तियों द्वारा कथित तौर पर अभद्रता की गई। आरोप है कि पत्रकारों को उनके पत्रकारिता संबंधी कार्य में बाधा पहुंचाई गई और धमकी भी दी गई। इस दौरान कथित तौर पर कहा गया कि “यह रोड नहीं बन सकता, चाहे इसके लिए कुछ भी हो जाए।”

4 नवंबर को तहरीर दिए जाने के बावजूद नामजद व्यक्तियों के खिलाफ अब तक एफआईआर दर्ज न होने का मुद्दा भी ज्ञापन में प्रमुखता से उठाया गया है। संगठन ने इस पर चिंता जताते हुए पुलिस प्रशासन से शिकायत पर गंभीरता से संज्ञान लेने और नियमानुसार कार्रवाई करने की मांग की है।

संगठन का कहना है कि घटनाक्रम की वीडियो रिकॉर्डिंग उपलब्ध है, जिसे साक्ष्य के रूप में सुरक्षित रखा गया है। पत्रकार प्रेस जनहित सेवा फाउंडेशन के राष्ट्रीय अध्यक्ष मोहम्मद सलमान की ओर से जारी ज्ञापन में वीडियो रिकॉर्डिंग एवं अन्य साक्ष्यों की निष्पक्ष जांच, संबंधित पत्रकारों के बयान दर्ज करने, पत्रकारों की सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा दोषियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की मांग की गई है।

संगठन ने स्पष्ट किया है कि पत्रकारिता लोकतंत्र का महत्वपूर्ण स्तंभ है और पत्रकारों को निर्भीक होकर अपने दायित्वों का निर्वहन करने का अधिकार मिलना चाहिए। किसी भी पत्रकार के साथ अभद्रता, धमकी अथवा समाचार संकलन में बाधा डालने की घटना को गंभीरता से लिया जाना चाहिए।

अब पत्रकारों द्वारा ज्ञापन सौंपे जाने के बाद पुलिस प्रशासन की कार्रवाई पर सभी की निगाहें रहेंगी।