Wed, 11 Nov 202612:29 AM
Wed, Nov 11, 2026Updated 12:29 AM IST
होम › उत्तर प्रदेश

नूरपुर में दो पक्षों के बीच जमकर फायरिंग-पथराव, प्रधान समेत 16 गिरफ्तार

WhatsAppFacebookX

सकीट (एटा)। मलावन थाना क्षेत्र के नूरपुर गांव में सोमवार रात चुनावी रंजिश को लेकर दो पक्षों के बीच जमकर फायरिंग और पथराव हुआ। पुलिस की मौजूदगी में भी दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर गोलियां चलाईं। घटना से गांव में दहशत फैल गई। लोगों ने घरों के दरवाजे बंद कर लिए, जबकि कई लोग जान बचाकर इधर-उधर भागने लगे। पुलिस ने सौहार गांव के प्रधान अमर सिंह समेत दोनों पक्षों के 16 आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।

पुलिस के मुताबिक, सोमवार रात करीब 10 बजे मलावन थाने में तैनात दरोगा राधेश्याम पुलिस टीम के साथ गश्त कर रहे थे। इसी दौरान उन्हें नूरपुर गांव में फायरिंग की सूचना मिली। पुलिस टीम मौके पर पहुंची तो लोकेंद्र और सीताराम पक्ष के लोग आमने-सामने होकर गाली-गलौज, पथराव और फायरिंग कर रहे थे। पुलिस ने दोनों पक्षों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन आरोपी नहीं माने और कई राउंड गोलियां चलाईं।

सूचना मिलने पर थाना प्रभारी क्षत्रपाल सिंह भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने गांव की घेराबंदी कर बल प्रयोग करते हुए दोनों पक्षों के 16 लोगों को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों के कब्जे से एक अवैध तमंचा, 8 कारतूस और 5 खोखे बरामद किए गए। एक आरोपी के पास से तमंचा और कारतूसों की पेटी भी मिली।

गिरफ्तार आरोपियों में संदीप, लोकेंद्र, राकेश, रामखिलाड़ी, दिनेश, अमर सिंह, अंकित, रामसिंह, शैलेंद्र, जितेंद्र सिंह, सिद्धांत राठौर, सीताराम, चेतन, विपिन, विनय सिंह और अतुल कुमार शामिल हैं। पुलिस ने 27 नामजद और 20 से 25 अज्ञात लोगों के खिलाफ मारपीट, गाली-गलौज, फायरिंग और बलवा करने की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस के अनुसार, विवाद की वजह चुनावी रंजिश बताई जा रही है। फरार आरोपियों की तलाश की जा रही है। गिरफ्तार सभी 16 आरोपियों को मंगलवार दोपहर करीब 3 बजे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।