Thu, 12 Nov 20268:44 PM
Thu, Nov 12, 2026Updated 8:44 PM IST
होम › उत्तर प्रदेश

सकीट में मंदिर जा रहे बाइक सवार को अज्ञात वाहन ने मारी टक्कर, आगरा में उपचार के दौरान मौत

WhatsAppFacebookX

सकीट (एटा)। मंदिर में प्रसाद चढ़ाने जा रहे बाइक सवार को अज्ञात चार पहिया वाहन ने टक्कर मार दी। हादसे में गंभीर रूप से घायल युवक ने उपचार के दौरान आगरा में दम तोड़ दिया। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।

कोतवाली देहात क्षेत्र के गांव रामपुर घनश्यामपुर निवासी अजय पाल (40) शुक्रवार को बाइक से मंदिर में प्रसाद चढ़ाने जा रहे थे। इसी दौरान हाईवे पर आसपुर चौराहे की सर्विस रोड पर अज्ञात चार पहिया वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर लगने से अजय सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।

हादसे की जानकारी मिलने पर परिजन उन्हें एटा स्थित जिला मेडिकल कॉलेज की इमरजेंसी लेकर पहुंचे। यहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार किया, लेकिन हालत नाजुक होने के कारण उन्हें आगरा रेफर कर दिया गया। परिजन आगरा में उनका उपचार करा रहे थे। सोमवार रात उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।

मौत के बाद बेटे अंकित सहित अन्य परिजन शव लेकर एटा पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे। सीओ सकीट नितीश गर्ग ने बताया कि हादसे की सूचना पर पुलिस ने घायल को मेडिकल कॉलेज की इमरजेंसी पहुंचाया था। आगरा में उपचार के दौरान मौत होने की जानकारी मिलने पर शव का पोस्टमार्टम कराया गया है।