Wed, 11 Nov 20267:28 PM
Wed, Nov 11, 2026Updated 7:28 PM IST
होम › मध्य प्रदेश

देवतालाब बस स्टैंड में शौचालय अभाव आज तक नही बन पाया एक शौचालय

WhatsAppFacebookX

देवतालाब बस स्टैंड पर शौचालय तक नहीं, खुले में जाने को मजबूर यात्री, गंदगी से बीमारी फैलने का खतरा

हनुमना से बनारस और नागपुर तक जाने वाले यात्रियों का प्रमुख पड़ाव, लेकिन मूलभूत सुविधा के नाम पर जिम्मेदारों की अनदेखी

मऊगंज। जिले के प्रसिद्ध धार्मिक स्थल देवतालाब का बस स्टैंड इन दिनों बुनियादी सुविधाओं के अभाव को लेकर चर्चा में है। यहां से प्रतिदिन दूर-दराज के क्षेत्रों में जाने वाले सैकड़ों यात्री आवागमन करते हैं, लेकिन हैरानी की बात यह है कि इतने महत्वपूर्ण बस स्टैंड पर आज तक सार्वजनिक शौचालय की उचित व्यवस्था नहीं हो सकी है। इसके चलते यात्रियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। खासकर महिलाओं, छोटे बच्चों और बुजुर्गों के लिए यह समस्या बेहद गंभीर बनी हुई है।

बस स्टैंड पर शौचालय नहीं होने के कारण यात्रियों के सामने सबसे बड़ी समस्या उस समय खड़ी होती है, जब उन्हें सफर के दौरान शौचालय की आवश्यकता होती है। मजबूरी में लोग आसपास खुले स्थानों का सहारा लेते हैं। इससे न केवल स्वच्छता व्यवस्था प्रभावित हो रही है, बल्कि आसपास गंदगी और दुर्गंध का वातावरण भी बना रहता है।

ठेला संचालकों ने बताई जमीनी हकीकत

बस स्टैंड के आसपास ठेला लगाकर अपना व्यवसाय करने वाले लोगों से जब इस समस्या के संबंध में चर्चा की गई तो उन्होंने बताया कि यहां सार्वजनिक शौचालय की व्यवस्था नहीं है। इसी वजह से आने-जाने वाले लोग खुले में जाने को मजबूर हैं। उनका कहना है कि खुले में जाने के कारण आसपास हमेशा गंदगी बनी रहती है। इसके अलावा नियमित रूप से साफ-सफाई भी नहीं कराई जाती, जिससे समस्या लगातार बढ़ती जा रही है।

हनुमना, बनारस और नागपुर तक के यात्री करते हैं सफर

देवतालाब बस स्टैंड केवल स्थानीय आवागमन का केंद्र नहीं है, बल्कि यहां से हनुमना, बनारस, नागपुर सहित अन्य प्रमुख स्थानों के लिए भी यात्री सफर करते हैं। दूर-दराज से आने वाले यात्रियों को बस का इंतजार करना पड़ता है, लेकिन इस दौरान शौचालय जैसी आवश्यक सुविधा उपलब्ध नहीं होने से उन्हें काफी दिक्कत होती है। महिलाओं और बच्चों को विशेष रूप से असुविधा का सामना करना पड़ता है।

स्वच्छता के दावों के बीच जिम्मेदारों पर सवाल

एक तरफ शासन-प्रशासन स्वच्छता अभियान और खुले में शौच से मुक्ति को लेकर जागरूकता की बात करता है, वहीं दूसरी तरफ देवतालाब जैसे प्रमुख धार्मिक और यात्री आवागमन वाले स्थान पर सार्वजनिक शौचालय का अभाव व्यवस्था पर सवाल खड़े करता है। खुले में शौच और नियमित सफाई नहीं होने से आसपास का वातावरण दूषित हो रहा है। इससे दुर्गंध के साथ संक्रमण और बीमारियों का खतरा भी बढ़ सकता है।

आखिर कब बनेगा देवतालाब बस स्टैंड पर सार्वजनिक शौचालय?

सबसे बड़ा सवाल यह है कि जब यहां से प्रतिदिन बड़ी संख्या में यात्री आवागमन करते हैं, तो अब तक शौचालय की व्यवस्था क्यों नहीं की गई? क्या जिम्मेदार अधिकारियों को यात्रियों की इस परेशानी की जानकारी नहीं है? स्थानीय लोगों और यात्रियों की मांग है कि जिला प्रशासन, ग्राम पंचायत एवं संबंधित विभाग इस गंभीर समस्या को संज्ञान में लें। बस स्टैंड पर महिला एवं पुरुषों के लिए अलग-अलग सार्वजनिक शौचालय का निर्माण कराया जाए और नियमित साफ-सफाई की व्यवस्था भी सुनिश्चित की जाए, ताकि यात्रियों को इस परेशानी से राहत मिल सके।
बेटू तिवारी संजय की रिपोर्ट✍️