Thu, 12 Nov 20261:27 PM
Thu, Nov 12, 2026Updated 1:27 PM IST
होम › उत्तर प्रदेश

बड़ी खबर: हमीरपुर में पेट्रोल पंप कर्मचारी के साथ लूट, पांच बाइक सवार बदमाशों ने की मारपीट

WhatsAppFacebookX

बड़ी खबर: हमीरपुर में पेट्रोल पंप कर्मचारी के साथ लूट, पांच बाइक सवार बदमाशों ने की मारपीट

हमीरपुर जनपद से इस वक्त एक बड़ी खबर सामने आ रही है, जहां मुस्करा थाना क्षेत्र में बेखौफ बदमाशों ने पेट्रोल पंप कर्मचारी को अपना निशाना बनाया। रास्ता पूछने के बहाने कर्मचारी को रोका, फिर उसके साथ मारपीट कर नकदी, मोबाइल फोन और बाइक की चाबी लूटकर फरार हो गए।

दरअसल, मामला मुस्करा थाना क्षेत्र के चरखारी रोड का है। जानकारी के मुताबिक, ऐंझी गांव निवासी भारत सिंह यादव मुस्करा कस्बे के दाऊ फिलिंग स्टेशन पर सेल्समैन के पद पर कार्यरत हैं।

मंगलवार रात करीब 9 से 9:30 बजे के बीच ड्यूटी खत्म कर वह अपनी बाइक से घर लौट रहे थे। तभी ऐंझी गांव से पहले ढाबे के पास दो मोटरसाइकिलों पर सवार पांच अज्ञात लोगों ने उन्हें रोक लिया।

बताया जा रहा है कि बदमाशों ने पहले चरखारी जाने का रास्ता पूछने के बहाने बातचीत शुरू की। इसके बाद उनकी बाइक में लात मारकर उन्हें नीचे गिरा दिया और मारपीट शुरू कर दी।

आरोप है कि बदमाशों ने कर्मचारी से 2,300 रुपये नकद, मोबाइल फोन और बाइक की चाबी छीन ली। मारपीट के दौरान उनकी उंगली को दांतों से काटकर घायल भी कर दिया। वारदात को अंजाम देने के बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए।

घटना के बाद पीड़ित ने मुस्करा थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। अब देखना होगा कि पुलिस इन अज्ञात बदमाशों तक कब तक पहुंच पाती है।

संवाददाता: निज़ाम ख़ान ( निजामुद्दीन खान )
Vande Bharat News
जनपद हमीरपुर, उत्तर प्रदेश