Thu, 12 Nov 20265:30 PM
Thu, Nov 12, 2026Updated 5:30 PM IST
होम › उत्तर प्रदेश

एटा में प्रेम प्रसंग के चलते पति की हत्या का आरोप, पत्नी गिरफ्तार; दूसरा आरोपी आकाश फरार

WhatsAppFacebookX

सकीट/एटा। एटा जिले के पिलुआ थाना क्षेत्र में 42 वर्षीय रामसेवक हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा करते हुए उसकी पत्नी सीमा को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस की जांच में प्रेम प्रसंग का मामला सामने आया है। वहीं, हत्याकांड में नामजद दूसरा आरोपी आकाश अभी फरार है। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने टीम गठित की है।

जानकारी के अनुसार, भदवास गांव निवासी रामसेवक दिल्ली में गाड़ी चलाता था। वह दीपावली का त्योहार मनाने के लिए 7 नवंबर को अपने गांव आया था। परिजनों के मुताबिक, 8 नवंबर की रात करीब 10 बजे वह घर से निकला था, लेकिन वापस नहीं लौटा। काफी तलाश करने के बाद भी उसका कोई पता नहीं चला।

मंगलवार सुबह करीब 11 बजे नगला गुलर और गंभीरपुर के बीच हाईवे किनारे नाले में उसका शव मिला। शव की पहचान रामसेवक पुत्र गुलजारी लाल के रूप में हुई।

परिजनों ने रामसेवक की पत्नी सीमा और गांव के ही आकाश पर हत्या का आरोप लगाया था। मृतक के चाचा प्रेम सिंह के मुताबिक, सीमा करीब डेढ़ साल से रामसेवक से अलग रह रही थी और आकाश के साथ रहने लगी थी। परिजनों ने प्रेम संबंधों के विवाद को हत्या की वजह बताया था।

रामसेवक के भाई की तहरीर पर पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया था। मामले से जुड़ा एक ऑडियो भी सामने आया था, हालांकि उसकी स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई थी।

सीओ सदर संकल्प दीप कुशवाहा ने बताया कि पुलिस ने विवेचना और जुटाए गए साक्ष्यों के आधार पर रामसेवक की पत्नी सीमा को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया है। दूसरा आरोपी आकाश फरार है, जिसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम प्रयास कर रही है।