Thu, 12 Nov 20266:26 PM
Thu, Nov 12, 2026Updated 6:26 PM IST
होम › उत्तर प्रदेश

सकीट: कंटेनर लेकर निकले सुनील और शैलेष संदिग्ध हालात में लापता, कुशीनगर में मिला कंटेनर; परिजनों ने लगाई गुहार

WhatsAppFacebookX

सकीट (एटा)। जिले के थाना मलावन क्षेत्र के गांव सकतपुर निवासी कंटेनर चालक सुनील कुमार और उनके साथ गए शैलेष के लापता होने का मामला सामने आया है। दोनों 30 अक्टूबर 2026 को कंटेनर लेकर घर से निकले थे, लेकिन इसके बाद वापस नहीं लौटे। परिजनों ने काफी तलाश की, मगर दोनों का कोई पता नहीं चल सका है।

सुनील के भाई अनिल कुमार के मुताबिक, उनके भाई सुनील पेशे से चालक हैं। वह गांव के ही शैलेष पुत्र रामपाल के साथ कंटेनर लेकर निकले थे। काफी समय तक दोनों के वापस नहीं आने पर परिवार के लोगों और परिचितों ने उनकी तलाश शुरू की। रिश्तेदारों और संभावित स्थानों पर जानकारी जुटाई गई, लेकिन कोई सफलता नहीं मिली।

तलाश के दौरान पता चला कि दोनों जिस कंटेनर को लेकर निकले थे, वह कुशीनगर जिले के कप्तानगंज थाना क्षेत्र के इंदरपुर गांव में मिला है। हालांकि, कंटेनर मिलने के बावजूद दोनों युवकों का कोई सुराग नहीं लगा है। इससे परिजनों की चिंता बढ़ गई है।

अनिल कुमार ने मामले को लेकर सदर विधायक से भी शिकायत की है। इसके अलावा थाना मलावन में शिकायत दर्ज कराने के लिए तहरीर दी है।

गुरुवार दोपहर करीब 12:30 बजे अनिल कुमार परिजनों के साथ कलेक्ट्रेट पहुंचे और मीडिया को पूरे मामले की जानकारी दी। परिजनों ने पुलिस और प्रशासन से दोनों की तलाश कर सुरक्षित बरामदगी कराने की मांग की है।

दो युवकों के अचानक लापता होने से परिवार परेशान हैं और उन्हें जल्द सकुशल वापस मिलने की उम्मीद है।