लखीमपुर खीरी – निघासन में घर के अंदर 6 फीट लंबे धामिन सांप को देखकर मचा हड़कंप, वन विभाग की टीम ने किया सफल रेस्क्यू

लखीमपुर खीरी के निघासन क्षेत्र से इस वक्त की खबर सामने आ रही है, जहां दक्षिण रेंज निघासन के छीटन पुरवा गांव में एक घर के अंदर धामिन सांप दिखाई देने से हड़कंप मच गया। सांप को घर में देखकर परिजनों में दहशत का माहौल बन गया।
मिली जानकारी के अनुसार, छीटन पुरवा गांव निवासी राहुल मौर्य के घर में अचानक करीब 6 फीट लंबा धामिन सांप दिखाई दिया। सांप को देखते ही घर के लोगों में अफरा-तफरी मच गई। आनन-फानन में इसकी सूचना वन विभाग को दी गई।
सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम सक्रिय हुई। वन कर्मी अक्षय मौर्य और राजन कुमार तत्काल मौके पर पहुंचे। दोनों वन कर्मियों ने सावधानीपूर्वक सांप का रेस्क्यू किया और उसे सुरक्षित तरीके से पकड़ लिया।
इसके बाद धामिन सांप को उसके प्राकृतिक आवास में छोड़ दिया गया। वन विभाग की टीम की तत्परता से सांप का सुरक्षित रेस्क्यू होने के साथ ही ग्रामीणों ने भी राहत की सांस ली।
वन विभाग की टीम द्वारा समय पर पहुंचकर किए गए इस सफल रेस्क्यू की क्षेत्र में सराहना की जा रही है।

