एटा में रोडवेज बस की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत, बहन के घर जा रहा था देवेंद्र

एटा। जिले में सड़क हादसे में बाइक सवार 25 वर्षीय युवक की दर्दनाक मौत हो गई। युवक अपनी बहन के घर जा रहा था। इसी दौरान रोडवेज बस ने उसकी बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में युवक बस की चपेट में आ गया और मौके पर ही उसकी मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया।
जानकारी के अनुसार, थाना बागवाला क्षेत्र के गांव सियपुर निवासी देवेंद्र पुत्र राजवीर गुरुवार सुबह करीब 9:30 बजे बाइक से अपनी बहन के घर जाने के लिए निकला था। वह अलीगंज रोड पर लोकमन दास स्कूल के पास पहुंचा था, तभी रोडवेज बस ने उसकी बाइक को टक्कर मार दी।
टक्कर लगने से देवेंद्र सड़क पर गिर पड़ा और बस की चपेट में आ गया। हादसे में उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद आसपास के लोगों की भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए एटा मेडिकल कॉलेज भेज दिया।
हादसे की जानकारी मिलते ही परिवार के लोग भी पोस्टमार्टम गृह पहुंच गए। जवान बेटे की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
थाना कोतवाली देहात क्षेत्र की ट्रांसपोर्ट नगर चौकी प्रभारी मोहित शर्मा ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है और पंचनामा की कार्रवाई की जा रही है। हादसे के बाद बस फरार हो गई, जिसकी पुलिस तलाश कर रही है।

