मऊगंज में यातायात का नियम तोड़ने पर की गई चालानी कार्यवाही

मऊगंज में यातायात नियम तोड़ने वालों पर पुलिस का शिकंजा, 14 वाहनों के चालान, 5 हजार रुपये वसूला जुर्माना
बिना हेलमेट, तीन सवारी और ब्लैक फिल्म वाले वाहन पुलिस के निशाने पर, अभियान रहेगा जारी
मऊगंज। जिले में यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने और सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए मऊगंज पुलिस ने यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी है। पुलिस अधीक्षक मनोहर सिंह मंडलोई के निर्देशन में चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत बिना हेलमेट, बिना सीट बेल्ट, मोटरसाइकिल पर तीन सवारी और चारपहिया वाहनों में प्रतिबंधित ब्लैक फिल्म लगाने वालों पर कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, 11 नवंबर 2026 को यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए कुल 14 चालान काटे गए। वहीं प्रतिबंधित ब्लैक फिल्म लगे वाहनों से फिल्म हटवाते हुए 5 हजार रुपये समन शुल्क वसूल किया गया।
पुलिस की नजर बाजार क्षेत्रों में अव्यवस्थित पार्किंग, सड़क पर यातायात बाधित करने वाले वाहनों और स्कूल-कॉलेजों के आसपास भीड़ प्रबंधन पर भी बनी हुई है। अभियान का उद्देश्य आम नागरिकों और विद्यार्थियों को सुरक्षित एवं सुगम आवागमन उपलब्ध कराना है।
यातायात प्रभारी अखिलेश कुशवाहा एवं उनकी टीम द्वारा लगातार कार्रवाई की जा रही है। पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट और चारपहिया वाहन में सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से उपयोग करें। बाइक पर तीन सवारी न बैठाएं और वाहनों में प्रतिबंधित ब्लैक फिल्म का इस्तेमाल न करें।
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।

