Thu, 12 Nov 20269:32 PM
Thu, Nov 12, 2026Updated 9:32 PM IST
होम › मध्य प्रदेश

सेवोत्तम प्रशिक्षण में नाट्य मंचन से समझाया सुशासन और कुशासन का अंतर

WhatsAppFacebookX

सेवोत्तम प्रशिक्षण में नाट्य मंचन से समझाया सुशासन और कुशासन का अंतर

सुशासन की श्रेष्ठ प्रस्तुति देने वाले प्रतिभागियों को किया गया पुरस्कृत

सीएम हेल्पलाइन और लोक सेवा गारंटी अधिनियम के प्रभावी क्रियान्वयन पर दिया जोर

खरगोन 12 नवंबर 2026। आर.सी.वी.पी. नरोन्हा प्रशासन एवं प्रबंधकीय अकादमी, भोपाल के निर्देशानुसार कलेक्टर श्री गुरु प्रसाद एवं मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री मिलिंद कुमार नागदेवे के मार्गदर्शन में कलेक्टर कार्यालय स्थित ई-दक्ष केन्द्र में जिलास्तरीय सेवोत्तम प्रशिक्षण आयोजित किया गया। प्रशिक्षण मास्टर ट्रेनर श्री लकी मालवीय द्वारा दिया गया।

प्रशिक्षण में सुशासन, सीएम हेल्पलाइन, मध्यप्रदेश लोक सेवा प्रदाय गारंटी अधिनियम तथा शासकीय कार्यों में कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) टूल्स के उपयोग के संबंध में विस्तार से जानकारी दी गई। प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य नागरिकों की शिकायतों का समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित करना तथा उन्हें बेहतर एवं सहज शासकीय सेवाएं उपलब्ध कराना रहा।

प्रशिक्षण में जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारी, नगर पालिका के मुख्य नगर पालिका अधिकारी, तहसीलदार, एनवीडीए, महिला एवं बाल विकास सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी शामिल हुए।

नाट्य मंचन के माध्यम से बताया सुशासन का महत्व

प्रशिक्षण का मुख्य आकर्षण प्रतिभागियों द्वारा प्रस्तुत नाट्य मंचन रहा। इसमें एक काल्पनिक कार्यालय के माध्यम से सुशासन और कुशासन के बीच अंतर को रोचक एवं प्रभावी ढंग से प्रदर्शित किया गया। एक दृश्य में ऐसे कार्यालय की स्थिति दिखाई गई, जहां आवेदकों को बार-बार चक्कर लगाने पड़ते हैं, शिकायतें लंबित रहती हैं और निर्धारित समय-सीमा का पालन नहीं किया जाता। वहीं दूसरे दृश्य में ऐसे आदर्श कार्यालय का चित्रण किया गया, जहां आवेदनों पर समय पर सुनवाई होती है, सीएम हेल्पलाइन की शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण निराकरण किया जाता है तथा नागरिकों को निर्धारित समय में सेवाएं मिलती हैं।

इस प्रस्तुति के माध्यम से अधिकारियों एवं कर्मचारियों को यह संदेश दिया गया कि शासकीय कार्यालयों को किस प्रकार पारदर्शी, जवाबदेह, संवेदनशील और जनहितैषी बनाया जा सकता है।

प्रशिक्षण के दौरान बताया गया कि पारदर्शिता, जवाबदेही एवं संवेदनशीलता सुशासन के प्रमुख आधार हैं। साथ ही शिकायतों के प्रभावी निराकरण और शासकीय कार्यों को अधिक सरल एवं त्वरित बनाने के लिए आधुनिक तकनीक तथा एआई टूल्स का उपयोग करने के लिए प्रेरित किया गया।

कार्यक्रम के अंत में प्रतिभागियों ने प्रशिक्षण को उपयोगी बताते हुए इससे प्राप्त सीख को अपने-अपने कार्यालयों में लागू करने तथा नागरिकों को बेहतर शासकीय सेवाएं उपलब्ध कराने का संकल्प लिया।