भाई दूज पर बेटियों को दिया भाई का भरोसा, जीवनभर साथ निभाने का लिया संकल्प महोली (सीतापुर)। भाई दूज के पर्व पर भाजपा नेता अरविंद मिश्रा उर्फ अंशू ने दो परिवारों की बेटियों के बीच प

भाई दूज पर बेटियों को दिया भाई का भरोसा, जीवनभर साथ निभाने का लिया संकल्प
महोली (सीतापुर)। भाई दूज के पर्व पर भाजपा नेता अरविंद मिश्रा उर्फ अंशू ने दो परिवारों की बेटियों के बीच पहुंचकर भाई का फर्ज निभाने का भरोसा दिया। ग्राम कचूरा निवासी अनिल मिश्रा के 22 वर्षीय इकलौते पुत्र आदर्श मिश्रा का हृदय गति रुकने से आकस्मिक निधन हो गया था। आदर्श बीटेक अंतिम वर्ष के छात्र थे। भाई की असमय मृत्यु के बाद पहली भाई दूज पर बहन सपना मिश्रा ने भाई की याद में अरविंद मिश्रा के माथे पर तिलक किया। इस दौरान वह भावुक हो उठे। उन्होंने सपना को भरोसा दिलाया कि भाई की कमी तो पूरी नहीं हो सकती, लेकिन वह हर सुख-दुख में भाई की तरह उनके साथ खड़े रहेंगे। उन्होंने प्रत्येक भाई दूज और रक्षाबंधन पर उनसे मिलने आने का संकल्प भी लिया।
इसी क्रम में ग्राम पंचायत पराई रायपुर के बूथ संख्या 29 के भाजपा अध्यक्ष रहे स्वर्गीय जितेंद्र कुमार सिंह की तीनों बेटियों के साथ भी अरविंद मिश्रा ने भाई दूज का पर्व मनाया। बेटियों ने उन्हें स्नेहपूर्वक कलावा बांधा। जितेंद्र कुमार सिंह के असामयिक निधन के बाद परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा था। बेटियों के सिर से पिता का साया उठने के बाद अरविंद मिश्रा ने परिवार को अकेला न छोड़ने का भरोसा दिया था। इस मौके पर उन्होंने बेटियों की शिक्षा, विवाह और जीवन की नई शुरुआत तक हर संभव जिम्मेदारी निभाने का संकल्प दोहराया। कहा कि पिता की कमी भले ही पूरी नहीं की जा सकती, लेकिन उनके सपनों को साकार करने और उज्ज्वल भविष्य की राह में वह हमेशा भाई बनकर साथ खड़े रहेंगे।

