Thu, 12 Nov 20269:32 PM
Thu, Nov 12, 2026Updated 9:32 PM IST
होम › मध्य प्रदेश

मऊगंज में नशा तस्करों पर पुलिस का बड़ा प्रहार, 15 दिन में NDPS के 11 मामले दर्ज, 3 पर PIT NDPS की कार्रवाई

WhatsAppFacebookX

मऊगंज में नशा तस्करों पर पुलिस का बड़ा प्रहार, 15 दिन में NDPS के 11 मामले दर्ज, 3 पर PIT NDPS की कार्रवाई
सवाल वही क्या इतनी कार्यवाही लग जायेगी लगाम

4.56 लाख रुपये कीमत के मादक पदार्थ जब्त, 3 फरार आरोपी गिरफ्तार, ऑपरेशन प्रहार-2.0 के तहत पुलिस की बड़ी कार्रवाई

मऊगंज। जिले में नशे के अवैध कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए मऊगंज पुलिस ने विशेष अभियान चलाकर नशा तस्करों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। रीवा रेंज के पुलिस महानिरीक्षक गौरव राजपूत के निर्देशन एवं पुलिस उपमहानिरीक्षक हेमंत चौहान के मार्गदर्शन में संचालित ऑपरेशन प्रहार-2.0 के तहत पुलिस अधीक्षक मनोहर सिंह मंडलोई के नेतृत्व में 15 दिवसीय विशेष अभियान चलाया गया।

पुलिस द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, अभियान के दौरान जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में NDPS एक्ट के तहत कुल 11 प्रकरण दर्ज किए गए। इनमें गांजा से संबंधित 9 मामले और नशीली टैबलेट से संबंधित 2 मामले शामिल हैं।

वहीं नशे के अवैध कारोबार में संलिप्त व्यक्तियों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई करते हुए PIT NDPS एक्ट के तहत 3 व्यक्तियों पर कार्रवाई की गई। इसके अलावा मादक पदार्थों से जुड़े मामलों में फरार चल रहे 3 आरोपियों को भी गिरफ्तार किया गया।

4.56 लाख रुपये से अधिक के मादक पदार्थ जब्त

15 दिवसीय अभियान के दौरान पुलिस ने विभिन्न वैधानिक कार्रवाइयों में कुल 4 लाख 56 हजार 650 रुपये कीमत के मादक पदार्थ एवं अन्य संबंधित सामग्री जब्त की है। पुलिस ने संदिग्ध व्यक्तियों और ठिकानों की जांच कर नशे के अवैध कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ प्रकरण दर्ज किए और फरार आरोपियों की तलाश कर उनकी गिरफ्तारी सुनिश्चित की।

नशे के कारोबारियों को पुलिस की दो टूक चेतावनी

मऊगंज पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में मादक पदार्थों के अवैध विक्रय, परिवहन और भंडारण के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि नशे के अवैध कारोबार या इससे जुड़ी किसी भी गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को दें। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।

15 दिन के अभियान में 11 NDPS प्रकरण, 3 PIT NDPS कार्रवाई और 3 फरार आरोपियों की गिरफ्तारी से मऊगंज पुलिस ने नशा कारोबारियों को सख्त संदेश दिया है।

मऊगंज से बेटू तिवारी की रिपोर्ट✍️