RCA एडहॉक कमेटी में बड़ा फेरबदल:मोहित यादव बने कन्वीनर, 2 नए चेहरे शामिल; नेता पुत्रों को मिली तरजीह

2 Min Read




राजस्थान क्रिकेट एसोसिएशन (RCA) की एडहॉक कमेटी में राज्य सरकार ने बड़ा बदलाव किया है। सहकारिता विभाग ने बीजेपी विधायक जसवंत यादव के बेटे मोहित यादव को एडहॉक कमेटी का नया कन्वीनर नियुक्त किया है। इस बदलाव के साथ ही कमेटी में कई नए चेहरों को शामिल किया गया है, जिससे संगठन में सियासी हलचल तेज हो गई है। नई एडहॉक कमेटी में जोधपुर से स्वास्थ्य मंत्री गजेंद्र सिंह खींवसर के बेटे धनंजय सिंह खींवसर, पूर्व मंत्री चंद्रराज सिंघवी के पोते अरिष्ट सिंघवी, बीजेपी सांसद घनश्याम तिवाड़ी के बेटे आशीष तिवाड़ी और हनुमानगढ़ से विधायक संजीव बेनीवाल के बेटे अर्जुन बेनीवाल को सदस्य बनाया गया है। दरअसल, RCA की निर्वाचित कार्यकारिणी को भंग किए जाने के बाद से भजनलाल शर्मा सरकार पिछले दो सालों से लगातार एडहॉक कमेटी का कार्यकाल बढ़ाती आ रही है। इस दौरान संघ के चुनाव लंबित हैं। अब एक बार फिर कमेटी में बड़े बदलाव करते हुए मौजूदा कन्वीनर दीनदयाल कुमावत को पद से हटा दिया गया है। उनके साथ ही भाजपा प्रदेश प्रवक्ता पिंकेश जैन को भी एडहॉक कमेटी से बाहर कर दिया गया है। सरकार द्वारा गठित इस नई एडहॉक कमेटी का कार्यकाल 3 महीने निर्धारित किया गया है। इस अवधि के दौरान कमेटी के सामने सबसे बड़ी जिम्मेदारी पिछले दो साल से लंबित RCA के चुनाव करवाने की होगी। ऐसे में आने वाले समय में RCA की सियासत और तेज होने के आसार हैं। इस फैसले को RCA में प्रशासनिक पुनर्गठन और चुनावी प्रक्रिया को गति देने के प्रयास के रूप में देखा जा रहा है, हालांकि नए सदस्यों के चयन को लेकर राजनीतिक चर्चाएं भी शुरू हो गई हैं। कुछ लोग ऐसे बीजेपी की अंदरूनी सियासत का नतीजा बता रहे हैं। ऐसे में आने वाले दिनों में राजस्थान क्रिकेट एसोसिएशन का विवाद एक बार फिर कोर्ट तक पहुंच सकता है।



Source link

Share This Article
Leave a Comment