Sat, 14 Nov 202612:26 AM
Sat, Nov 14, 2026Updated 12:26 AM IST
होम › महाराष्ट्र

पुसद में 20 वर्षीय छात्रा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत, आत्महत्या से मचा हड़कंप कोचिंग अकादमी में विवाद और रैगिंग के आरोप; परिजनों ने की गहन जांच की मांग

WhatsAppFacebookX

पुसद में 20 वर्षीय छात्रा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत,
आत्महत्या से मचा हड़कंप

कोचिंग अकादमी में विवाद और रैगिंग के आरोप; परिजनों ने की गहन जांच की मांग

पुसद | प्रतिनिधि शेख महेबूब

पुलिस भर्ती की तैयारी के लिए पुसद में रहकर पढ़ाई कर रही 20 वर्षीय छात्रा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत होने से शहर में सनसनी फैल गई। गुरुवार, 12 नवंबर की सुबह यह घटना उजागर हुई। मृत छात्रा की पहचान सानिया बबन वरखड (उम्र 20 वर्ष), निवासी मसनी, तहसील मानोरा, जिला वाशिम के रूप में हुई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सानिया पुसद स्थित दत्त सेवा अकादमी में पुलिस भर्ती की तैयारी कर रही थी। वह पुलिस भर्ती परीक्षा का फॉर्म भरने के लिए अपने गांव से पुसद आई थी। इसी दौरान अकादमी में विद्यार्थियों के बीच विवाद और कथित रैगिंग को लेकर चर्चा होने की बात सामने आई है।

इस मामले में मृतका के मामा चंद्र भगवान मोरे (निवासी आंबेणी खुर्द, तहसील महागांव) ने गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने अकादमी के संचालक निरंजन सुधाकर राठोड (निवासी लोणी फाटा, पुसद) पर अकादमी में लड़कियों के बीच बार-बार विवाद होने और कुछ लड़कों द्वारा विद्यार्थियों की कथित रैगिंग किए जाने के आरोप लगाए हैं।
परिजनों के अनुसार, घटना से पहले सानिया अपनी एक सहेली के कमरे पर गई थी। सहेली गांव गई हुई थी, इसलिए सानिया ने मोबाइल के माध्यम से कमरे की चाबी मांगी। सहेली ने कमरे के मालिक मुकेश कुमार को फोन कर चाबी देने के लिए कहा। इसके बाद सानिया रात में भोजन कर उसी कमरे में सो गई। गुरुवार सुबह गांव से लौटी सहेली ने उसे कमरे में मृत अवस्था में पाया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पंचनामा किया। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए पुसद के ग्रामीण अस्पताल भेजा गया। हालांकि, शुरुआत में परिजनों ने पोस्टमार्टम कराने से इनकार किया, जिससे अस्पताल परिसर में कुछ समय के लिए तनावपूर्ण स्थिति बन गई।
बाद में नागरिकों की मध्यस्थता से परिजनों को समझाया गया और पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू की गई।

परिजनों ने की निष्पक्ष जांच की मांग

मृतका के परिजनों ने अकादमी में विद्यार्थियों के बीच हुए विवाद, कथित रैगिंग, घटना के समय मौजूद विद्यार्थियों तथा सानिया की मौत के वास्तविक कारणों की गहन जांच करने की मांग की है। फिलहाल रैगिंग के आरोपों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

इस मामले की जांच पुलिस उपनिरीक्षक नगिना बी. युसुफ शेख तथा बीट जमादार आडे कर रहे हैं। पुलिस जांच के बाद ही घटना के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।