धनबाद | 1 नवम्बर 2025 धनबाद में आगामी नगर निगम चुनाव को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में सोमवार को उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी श्री आदित्य रंजन और वरीय पुलिस अधीक्षक श्री प्रभात कुमार ने संयुक्त रूप से धनबाद पॉलिटेक्निक कॉलेज परिसर का निरीक्षण किया।
यह परिसर चुनावी दृष्टिकोण से अत्यंत महत्वपूर्ण स्थल माना जा रहा है, जहाँ से ईवीएम मशीनों का डिस्पैच, रिसीविंग और मतगणना कार्य संपन्न किया जाएगा।निरीक्षण के दौरान उपायुक्त और एसएसपी ने स्ट्रांग रूम, मतगणना केंद्र, नियंत्रण कक्ष, सुरक्षा व्यवस्था, प्रवेश और निकास द्वारों की स्थिति का विस्तार से अवलोकन किया।
उपायुक्त आदित्य रंजन ने कहा —> “राज्य सरकार द्वारा लगातार निर्देश दिया जा रहा है कि नगर निगम चुनाव की तैयारी में कोई ढिलाई न बरती जाए। एहतियातन कई संभावित स्थलों का निरीक्षण किया जा रहा है ताकि सर्वोत्तम व्यवस्था सुनिश्चित की जा सके। हमारी प्राथमिकता है कि मतदान कर्मियों को किसी भी प्रकार की परेशानी न हो और चुनाव पूरी तरह पारदर्शी व निष्पक्ष हों।”
वहीं, वरीय पुलिस अधीक्षक प्रभात कुमार ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर कहा —> “पॉलिटेक्निक परिसर को अभेद्य सुरक्षा कवच प्रदान किया जाएगा। इसके लिए पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की जाएगी। साथ ही परिसर में सीसीटीवी कैमरे, फायर सेफ्टी सिस्टम, बैरिकेडिंग, प्रवेश नियंत्रण व्यवस्था और वॉच टावर की व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी।”
निरीक्षण के दौरान प्रशासनिक और पुलिस विभाग के अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित थे। दोनों अधिकारियों ने संबंधित शाखाओं को निर्देश दिया कि सभी तैयारियों की समय-समय पर समीक्षा की जाए ताकि चुनावी प्रक्रिया में किसी प्रकार की बाधा उत्पन्न न हो।#Dhanbad #MunicipalElection2025 #DCAdityaRanjan #SSPPrabhatKumar #ElectionPreparation #JharkhandNews



















