Tue, 17 Nov 20265:52 AM
Tue, Nov 17, 2026Updated 5:52 AM IST
होम › उत्तर प्रदेश

बाराबंकी: दबंगों के हौसले बुलंद, मुख्यमंत्री के आदेश पर बनी गरीब की दीवार को तोड़ा; पुलिस और राजस्व टीम के सामने भी किया हंगामा

WhatsAppFacebookX

News video GIF

बाराबंकी: दबंगों के हौसले बुलंद, मुख्यमंत्री के आदेश पर बनी गरीब की दीवार को तोड़ा; पुलिस और राजस्व टीम के सामने भी किया हंगामा
फतेहपुर (बाराबंकी), 14 नवंबर 2026
तहसील फतेहपुर के थाना बाबागंज (घुघटेर) क्षेत्र अंतर्गत ग्राम बदेला में एक गरीब व्यक्ति की जमीन पर दबंगों द्वारा जबरन कब्जा करने का गंभीर मामला सामने आया है। पीड़ित सुधीर कुमार पुत्र बजरंग मौर्य ने गांव के ही रउफ पर अपनी दीवार तोड़ने, मारपीट करने और पुआल व जानवर बांधकर जमीन पर अवैध कब्जा करने का आरोप लगाया है।
मुख्यमंत्री के हस्तक्षेप के बाद बनी थी दीवार
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम बदेला निवासी सुधीर कुमार और विपक्षी रउफ के बीच लंबे समय से जमीनी विवाद चला आ रहा है। सुधीर कुमार अत्यंत गरीब परिवार से हैं और घर में अकेले हैं। पूर्व में पीड़ित ने इस मामले की शिकायत थाना बाबागंज, उपजिलाधिकारी (SDM) फतेहपुर और मुख्यमंत्री पोर्टल पर की थी। मुख्यमंत्री कार्यालय से हुए निर्देश के बाद बाबागंज पुलिस ने मौके पर पहुंचकर अपनी देखरेख में सुधीर कुमार की दीवार का निर्माण कराया था।
दीवार तोड़कर की मारपीट, उल्टा पीड़ित पर ही हुई कार्रवाई
पीड़ित का आरोप है कि करीब एक माह पूर्व विपक्षी रउफ ने दबंगई दिखाते हुए सुधीर की दीवार का एक हिस्सा तोड़ दिया और वहां जबरन दरवाजा लगाने की कोशिश की। जब सुधीर और उनकी पत्नी ने इसका विरोध किया, तो उनके साथ जमकर मारपीट की गई, जिसमें दोनों को गंभीर चोटें आईं। पीड़ित का यह भी आरोप है कि चोटिल होने के बावजूद स्थानीय पुलिस ने न्याय करने के बजाय उल्टा सुधीर कुमार के खिलाफ ही मारपीट की धाराओं में कार्रवाई कर दी। दीवार तोड़ने के बाद से विपक्षी उस स्थान पर पुआल डालकर और अपने जानवर बांधकर कब्जा करने का प्रयास कर रहा है।
राजस्व और पुलिस टीम के सामने महिलाओं ने किया हंगामा
इस अवैध कब्जे से परेशान होकर सुधीर कुमार ने पुनः उपजिलाधिकारी फतेहपुर को प्रार्थना पत्र देकर न्याय की गुहार लगाई। मामले की गंभीरता को देखते हुए आज दिनांक 14 नवंबर 2026 को राजस्व निरीक्षक (कानूनगो) और थाना बाबागंज की पुलिस टीम मौके पर जांच और निस्तारण के लिए पहुंची।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, जब प्रशासन की टीम मामले को सुलझाने का प्रयास कर रही थी, तभी विपक्षी रउफ, उसकी पत्नी और दो बेटियों ने मौके पर जमकर शोर-शराबा और हंगामा शुरू कर दिया। उन्होंने प्रशासन की बात मानने से इनकार करते हुए दीवानी और फौजदारी में मुकदमा चलने का हवाला दिया। जबकि वास्तविकता यह है कि माननीय न्यायालय द्वारा इस भूमि पर किसी भी प्रकार का कोई स्थगन आदेश (Stay Order) जारी नहीं किया गया है।
ग्रामीणों में रोष, दबंगई से सहमा पीड़ित
ग्रामीणों का कहना है कि विपक्षी रउफ दबंग व आपराधिक प्रवृत्ति का व्यक्ति है, जिसके कारण गांव के लोग भी उसके खिलाफ खुलकर बोलने से कतराते हैं। दूसरी ओर, गरीब और असहाय सुधीर कुमार प्रशासन के चक्कर काटने को मजबूर हैं। पीड़ित ने उच्चाधिकारियों से मामले का संज्ञान लेकर अवैध कब्जा हटवाने और दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।