Tue, 17 Nov 20265:50 AM
Tue, Nov 17, 2026Updated 5:50 AM IST
होम › राजस्थान

उदयपुर में सुरक्षा व्यवस्था को मिली नई मजबूती: जिला पुलिस अधीक्षक उदयपुर डॉ. अमृता दुहन ने किया पुलिस सहायता केंद्र के नवनिर्मित भवन का उद्घाटन

WhatsAppFacebookX

News video GIF

उदयपुर में सुरक्षा व्यवस्था को मिली नई मजबूती: जिला पुलिस अधीक्षक उदयपुर डॉ. अमृता दुहन ने किया पुलिस सहायता केंद्र के नवनिर्मित भवन का उद्घाटन

केंद्र से होगी क्षेत्र के 8 सीसीटीवी कैमरों की लाइव निगरानी
विवेक अग्रवाल
उदयपुर। शहर की पुलिस व्यवस्था को अधिक सुदृढ़ बनाने और आमजन को त्वरित व सुगम पुलिस सहायता उपलब्ध करवाने के उद्देश्य से आज सूरजपोल थाना अंतर्गत उदियापोल पर पुलिस सहायता केंद्र के नवनिर्मित भवन का विधिवत उद्घाटन किया गया। जिला पुलिस अधीक्षक डॉ. अमृता दुहन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) उमेश ओझा ने फीता काटकर इस नए केंद्र का शुभारंभ किया।
8 सीसीटीवी कैमरों से होगी क्षेत्र की तीसरी आंख से निगरानी
इस नवनिर्मित पुलिस सहायता केंद्र के शुरू होने से उदियापोल और आसपास के व्यस्ततम इलाकों की सुरक्षा व्यवस्था और अधिक चाक-चौबंद हो जाएगी। उदियापोल क्षेत्र के आसपास स्थापित 08 सीसीटीवी कैमरों का सीधा नियंत्रण और निगरानी अब इसी सहायता केंद्र से की जाएगी। इससे क्षेत्र में किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तत्काल नजर रखी जा सकेगी और अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगेगा।

यातायात प्रबंधन और पर्यटकों की सुविधा में निभाएगा अहम भूमिका

उदियापोल शहर का एक प्रमुख प्रवेश द्वार और व्यस्त चौराहा है, जहां से प्रतिदिन बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों और देश-विदेश से आने वाले पर्यटकों का आवागमन होता है। यह सहायता केंद्र पर्यटन नगरी उदयपुर आने वाले सैलानियों को तत्काल आवश्यक पुलिस सहायता उपलब्ध करवाने, यातायात व्यवस्था के सुचारू संचालन और ट्रैफिक प्रबंधन में सुधार लाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। साथ ही, इसके माध्यम से आमजन की समस्याओं के त्वरित निराकरण तथा पुलिस और जनता के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने में भी बड़ी मदद मिलेगी।

उद्घाटन अवसर पर ये अधिकारी रहे उपस्थित

समारोह के दौरान जिला पुलिस अधीक्षक डॉ. अमृता दुहन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश ओझा, आईपीएस प्रोबेशनर सिद्धार्थ, पुलिस उप अधीक्षक (वृत्ताधिकारी) श्रीमती छवि शर्मा तथा सूरजपोल थानाधिकारी कमलेन्द्र सिंह सोलंकी सहित पुलिस विभाग के कई अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।