हमीरपुर: घर से फरार प्रेमी जोड़े की बाइक का रास्ते में खत्म हुआ पेट्रोल, राहगीरों से मांग रहे थे पैसे; तभी सामने आ गए युवती के माता-पिता

राठ (हमीरपुर)। घर से फरार होकर जा रहे प्रेमी जोड़े के साथ राठ-पनवाड़ी मार्ग पर ऐसा घटनाक्रम हुआ कि उनकी सारी योजना धरी रह गई। रास्ते में बाइक का पेट्रोल खत्म हो गया। दोनों सड़क किनारे रुककर राहगीरों से पेट्रोल डलवाने के लिए 50 से 100 रुपये मांगने लगे। इसी दौरान युवती के माता-पिता वहां पहुंच गए और उन्होंने अपनी बेटी को पहचान लिया। माता-पिता को सामने देखकर युवक बाइक छोड़कर मौके से फरार हो गया, जबकि परिजन युवती को अपने साथ ले गए।
कई दिनों से घर से फरार था प्रेमी जोड़ा
जानकारी के मुताबिक, राठ कोतवाली क्षेत्र के कैथा गांव का एक युवक और युवती कुछ दिन पहले घर से फरार हो गए थे। युवती के परिजनों ने इस संबंध में राठ कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई थी। इसके बाद पुलिस दोनों की तलाश कर रही थी।
पेट्रोल खत्म होने से खुल गया राज
बताया जा रहा है कि शुक्रवार देर शाम प्रेमी जोड़ा बाइक से कहीं जा रहा था। इसी दौरान राठ-पनवाड़ी मार्ग पर पेट्रोल पंप के पास उनकी बाइक का पेट्रोल खत्म हो गया। दोनों सड़क किनारे खड़े होकर फोन के जरिए किसी से पेट्रोल भरवाने के लिए 50 से 100 रुपये की मदद मांग रहे थे।
अचानक सामने आ गए युवती के माता-पिता
इसी दौरान युवती के माता-पिता राठ से अपने गांव लौट रहे थे। सड़क किनारे खड़ी बेटी पर उनकी नजर पड़ी तो उन्होंने उसे पहचान लिया। माता-पिता को सामने देखकर युवक बाइक छोड़कर भाग निकला। इसके बाद परिजन युवती को अपने साथ घर ले गए।
पुलिस कोतवाली पहुंची बाइक
घटना के बाद पुलिस ने बाइक को अपने कब्जे में लेकर राठ कोतवाली पहुंचा दिया। मामले में पुलिस की आगे की कार्रवाई की जानकारी सामने आनी बाकी है।
रिपोर्ट: निज़ाम खान उर्फ निजामुद्दीन खान
वन्दे भारत न्यूज हमीरपुर 🎤🎤🎤🎤🎤

