Mon, 16 Nov 20265:35 AM
Mon, Nov 16, 2026Updated 5:35 AM IST
होम › उत्तर प्रदेश

एटा में नाबालिग से दुष्कर्म के मामले में आरोपी 24 घंटे के अंदर गिरफ्तार

WhatsAppFacebookX

एटा। थाना जलेसर पुलिस ने नाबालिग से दुष्कर्म के मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए नामजद आरोपी को शिकायत मिलने के 24 घंटे के अंदर गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार, 14 नवंबर 2026 को पीड़ित पक्ष की ओर से थाना जलेसर में लिखित शिकायत दी गई थी। शिकायत में एक युवक पर वादी की नाबालिग पुत्री के साथ दुष्कर्म करने का आरोप लगाया गया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल मुकदमा दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक एटा डॉ. इलामारन के निर्देशन तथा अपर पुलिस अधीक्षक अपराध सच्चिदानंद और अपर पुलिस अधीक्षक श्वेताभ पांडेय के पर्यवेक्षण में पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए सुमित कुमार पुत्र अनिल कुमार निवासी ग्राम छौंड़ा, थाना सासनी, जनपद हाथरस को गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तारी करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक अखिलेश कुमार दीक्षित, हेड कांस्टेबल मोहित कुमार और हेड कांस्टेबल पुष्पेंद्र सिंह शामिल रहे।

पुलिस के मुताबिक आरोपी के विरुद्ध नियमानुसार आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।