Tue, 17 Nov 20265:22 PM
Tue, Nov 17, 2026Updated 5:22 PM IST
होम › उत्तर प्रदेश

सीतापुर के नवागत डीएम प्रथमेश कुमार ने संभाला कार्यभार, धान खरीद और जनगणना पर रहेगा विशेष फोकस

WhatsAppFacebookX

वंदे भारत न्यूज़ | सीतापुर, बाराबंकी
सीतापुर के नवागत डीएम प्रथमेश कुमार ने संभाला कार्यभार, धान खरीद और जनगणना पर रहेगा विशेष फोकस
सीतापुर। जनपद के नवागत जिलाधिकारी प्रथमेश कुमार ने सोमवार सुबह 10 बजे कोषागार के डबल लॉक में पहुंचकर विधिवत रूप से जिलाधिकारी पद का कार्यभार ग्रहण किया। इस अवसर पर एडीएम वित्त एवं राजस्व आयुष चौधरी, कोषाधिकारी दिलीप कुमार सिंह समेत जिले के अन्य प्रशासनिक अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे। कार्यभार ग्रहण करने के उपरांत नवागत डीएम ने सभी अधिकारियों व कर्मचारियों से परिचय प्राप्त किया।
पदभार संभालने के बाद जिलाधिकारी प्रथमेश कुमार ने अपनी प्रशासनिक प्राथमिकताएं स्पष्ट कीं। उन्होंने कहा कि शासन की प्राथमिकताओं के अनुरूप जनपद में चल रही योजनाओं और विकास कार्यों की गहन समीक्षा की जाएगी। उन्होंने विशेष रूप से धान खरीद और जनगणना के कार्यों पर फोकस रखने की बात कही। डीएम ने बताया कि इन दोनों महत्वपूर्ण कार्यों की प्रगति का जायजा लेकर संबंधित अधिकारियों को जरूरी दिशा-निर्देश दिए जाएंगे, ताकि सभी कार्य निर्धारित समय सीमा के भीतर और बेहतर तरीके से पूरे हो सकें।
विकास परियोजनाओं को लेकर डीएम ने कहा कि जिले में संचालित सभी विकास कार्यों की समीक्षा कर उन्हें तेजी से पूरा कराया जाएगा। उनका मुख्य प्रयास रहेगा कि शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक पहुंचे।
जनता की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए नवागत जिलाधिकारी ने कहा कि जनशिकायतों का निस्तारण पूरी संवेदनशीलता के साथ कराया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि अधिकारियों को निर्देशित किया जाएगा कि शिकायतों का केवल औपचारिक निस्तारण न हो, बल्कि उनका गुणवत्तापूर्ण समाधान सुनिश्चित किया जाए। आमजन को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए अनावश्यक परेशानी न उठानी पड़े, इसके लिए प्रशासनिक स्तर पर प्रभावी प्रयास किए जाएंगे। अंत में उन्होंने कहा कि शासन की प्राथमिकताओं, विकास कार्यों की गति और जनसमस्याओं के समाधान की नियमित समीक्षा की जाएगी।