Tue, 17 Nov 20265:22 PM
Tue, Nov 17, 2026Updated 5:22 PM IST
होम › उत्तर प्रदेश

बाराबंकी में बेलगाम डंपरों का कहर: 3 साल में 85 मौतें, यातायात नियमों की अनदेखी पर उठे सवाल

WhatsAppFacebookX

बाराबंकी में बेलगाम डंपरों का कहर: 3 साल में 85 मौतें, यातायात नियमों की अनदेखी पर उठे सवाल
बाराबंकी: जिले में गोंडा-बहराइच हाईवे से लेकर लखनऊ-अयोध्या हाईवे तक भारी वाहनों की बेकाबू रफ्तार और यातायात नियमों के उल्लंघन को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। तेज रफ्तार डंपरों की चपेट में आने से लगातार सड़क हादसे हो रहे हैं। हाल ही में मिट्टी लदे एक डंपर से कुचलकर मां-बेटे की दर्दनाक मौत के बाद प्रशासन की निगरानी और सुरक्षा इंतजामों पर एक बार फिर बहस तेज हो गई है।
आरटीआई में हुआ चौंकाने वाला खुलासा
शहर के फतेहाबाद निवासी अधिवक्ता अजय सिंह वर्मा द्वारा मांगी गई सूचना (RTI) के अनुसार, पिछले तीन वर्षों के भीतर जिले में डंपरों से हुए सड़क हादसों में करीब 85 लोगों को अपनी जान गंवानी पड़ी है। यह भयावह आंकड़ा सड़कों पर भारी वाहनों की अनियंत्रित स्थिति को उजागर करता है। इतने बड़े नुकसान के बावजूद हाईवे पर डंपरों की सघन जांच और नियमों के सख्ती से पालन को लेकर प्रशासनिक लापरवाही के आरोप लग रहे हैं।
राहगीरों और छोटे वाहन चालकों में दहशत
स्थानीय निवासियों का कहना है कि क्षेत्र की प्रमुख सड़कों पर मिट्टी लदे डंपरों की आवाजाही काफी बढ़ गई है। इनकी तेज रफ्तार के कारण दोपहिया और छोटे चारपहिया वाहन चालकों का सड़क पर चलना दूभर हो गया है। लगातार हो रही दुर्घटनाओं ने आम राहगीरों की सुरक्षा को लेकर गहरी चिंता पैदा कर दी है।
नंबर प्लेट और लाइटों की जांच की मांग
लोगों ने प्रशासन से भारी वाहनों के खिलाफ विशेष अभियान चलाने की मांग की है। शिकायत है कि कई डंपरों में न तो स्पष्ट नंबर प्लेट लगी होती है और न ही बैक लाइट व पार्किंग इंडिकेटर सही से काम करते हैं, जिससे रात के समय दुर्घटनाओं का खतरा और बढ़ जाता है।