बड़नगर में तथाकथित फर्जी जनपद अध्यक्ष पति को लेकर विवाद गहराया, सरपंचों से वसूली और ब्लैकमेलिंग के गंभीर आरोप

बड़नगर में तथाकथित फर्जी जनपद अध्यक्ष पति को लेकर विवाद गहराया, सरपंचों से वसूली और ब्लैकमेलिंग के गंभीर आरोप
पीड़ितों के बयान और कथित सबूतों के साथ जल्द हो सकता है बड़ा खुलासा, निष्पक्ष जांच की उठी मांग
बड़नगर। क्षेत्र में तथाकथित फर्जी जनपद अध्यक्ष पति को लेकर विवाद लगातार गहराता जा रहा है। अब मामला केवल गाड़ी और पद के नाम पर बनाई गई कथित प्रोफाइल तक सीमित नहीं है, बल्कि संबंधित व्यक्ति पर सरपंचों से पैसों के लेनदेन की मांग करने, ब्लैकमेल करने और जनप्रतिनिधियों के नाम का इस्तेमाल कर दबाव बनाने जैसे गंभीर आरोप लगाए जा रहे हैं।
आरोप लगाने वालों का दावा है कि पलवा क्षेत्र में भी जनप्रतिनिधि के नाम पर कथित रूप से पैसों की वसूली की गई। इतना ही नहीं, कुछ जनप्रतिनिधियों की राशि हड़पने और उन्हें प्रताड़ित करने के आरोप भी सामने आ रहे हैं। इस पूरे मामले में पीड़ितों के बयान और कथित सबूत सार्वजनिक करने की बात कही जा रही है।
मामले को लेकर अब कुछ पीड़ित और स्थानीय लोग खुलकर सामने आने की तैयारी में हैं। उनका दावा है कि जल्द ही पूरे मामले से जुड़े तथ्यों और बयानों के माध्यम से कई बड़े खुलासे किए जाएंगे।
वहीं, आमजन और पीड़ितों की ओर से शासन-प्रशासन से मांग की जा रही है कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए। यदि आरोप सही पाए जाते हैं तो संबंधित लोगों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाए।
अब बड़ा सवाल यह है कि क्या इन गंभीर आरोपों की निष्पक्ष जांच होगी और कथित वसूली के मामले में सच्चाई सामने आएगी? फिलहाल सभी की निगाहें प्रशासनिक कार्रवाई और सामने आने वाले साक्ष्यों पर टिकी हैं।

