Thu, 19 Nov 202612:33 PM
Thu, Nov 19, 2026Updated 12:33 PM IST
होम › उत्तर प्रदेश

हमीरपुर: खाद-बीज की कमी बर्दाश्त नहीं, खराब ट्रांसफार्मर तीन दिन में बदलें: प्रभारी मंत्री रामकेश निषाद आईजीआरएस शिकायतों का कागजी नहीं, धरातल पर हो निस्तारण; अवैध खनन ओवरलोडिंग

WhatsAppFacebookX

हमीरपुर: खाद-बीज की कमी बर्दाश्त नहीं, खराब ट्रांसफार्मर तीन दिन में बदलें: प्रभारी मंत्री रामकेश निषाद

आईजीआरएस शिकायतों का कागजी नहीं, धरातल पर हो निस्तारण; अवैध खनन और ओवरलोडिंग पर भी सख्ती के निर्देश

हमीरपुर। जिले में रबी की बुवाई के दौरान किसानों को खाद और बीज की किसी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए। खराब विद्युत ट्रांसफार्मरों को दो से तीन दिन के भीतर बदला जाए और निर्धारित रोस्टर के अनुसार बिजली आपूर्ति सुनिश्चित की जाए। ये निर्देश जिले के प्रभारी मंत्री रामकेश निषाद ने अधिकारियों को दिए।

कलेक्ट्रेट सभागार में प्रभारी मंत्री रामकेश निषाद की अध्यक्षता में विकास कार्यों, कानून व्यवस्था एवं जनकल्याणकारी योजनाओं की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में राज्यसभा सांसद बाबूराम निषाद भी मौजूद रहे। प्रभारी मंत्री ने विभागवार योजनाओं और विकास कार्यों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

प्रभारी मंत्री ने आईजीआरएस और जनता दर्शन में प्राप्त शिकायतों के कागजी निस्तारण पर कड़ी नाराजगी जताई। उन्होंने स्पष्ट कहा कि शिकायतों का निस्तारण केवल कागजों तक सीमित न रहे, बल्कि मौके पर जाकर गुणवत्तापूर्ण समाधान कराया जाए। दोबारा शिकायत मिलने पर संबंधित अधिकारी की जवाबदेही तय की जाएगी।

उन्होंने अवैध खनन, ओवरलोडिंग और अवैध शराब के कारोबार पर प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए। साथ ही महिला अपराधों पर गंभीरता से कार्रवाई करने और झोलाछाप चिकित्सकों के खिलाफ अभियान चलाकर कार्रवाई करने को कहा।

प्रभारी मंत्री ने छुट्टा गोवंश को गोशालाओं में संरक्षित करने तथा जिले की सड़कों की मरम्मत समय से पूरी कराने के निर्देश भी दिए। उन्होंने अधिकारियों से जनहित से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने और सरकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाने पर जोर दिया।

बैठक में जिलाधिकारी अशोक कुमार, पुलिस अधीक्षक मृगांक शेखर पाठक, विधायक डॉ. मनोज कुमार प्रजापति, जिला पंचायत अध्यक्ष जयंती राजपूत सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

संवाददाता: निजाम खान
वंदे भारत न्यूज़ | हमीरपुर