डफ्फरपुर में आयुष्मान आजीविका स्वयं सहायता समूह द्वारा नई राशन दुकान का शुभारंभ, ग्रामीणों को मिली बड़ी राहत

डफ्फरपुर में आयुष्मान आजीविका स्वयं सहायता समूह द्वारा नई राशन दुकान का शुभारंभ, ग्रामीणों को मिली बड़ी राहत
निंदूरा / बाराबंकी।
विकास खंड निंदूरा (तहसील फतेहपुर) की ग्राम पंचायत डफ्फरपुर में गुरुवार को आयुष्मान आजीविका स्वयं सहायता समूह के माध्यम से रूमी देवी द्वारा नई सरकारी राशन की दुकान (उचित दर दुकान) का विधिवत शुभारंभ किया गया। ग्राम पंचायत में ही पुनः राशन वितरण शुरू होने से स्थानीय कार्डधारकों में खुशी की लहर है।
गौरतलब है कि इससे पूर्व ग्राम पंचायत डफ्फरपुर के अंतर्गत ग्राम टिकरा निवासी कोटेदार नन्द किशोर ने तबीयत खराब होने के कारण अपने पद से इस्तीफा दे दिया था। कोटेदार के इस्तीफे के बाद प्रशासन द्वारा वैकल्पिक व्यवस्था के तहत ग्राम पंचायत का राशन वितरण बड्डूपुर के कोटेदार केशवराम की दुकान से संबद्ध (अटैच) कर दिया गया था। दूसरे गाँव जाकर राशन लाने में ग्रामीणों, विशेषकर बुजुर्गों और महिलाओं को काफी असुविधा का सामना करना पड़ रहा था।
ग्रामीणों की समस्या को देखते हुए शासन के निर्देशानुसार नई दुकान के चयन हेतु चुनाव प्रक्रिया संपन्न कराई गई, जिसमें आयुष्मान आजीविका स्वयं सहायता समूह का चयन हुआ। आज से समूह की ओर से रूमी देवी द्वारा दुकान का संचालन शुरू कर दिया गया है।
इस अवसर पर उपस्थित ग्रामीणों ने कहा कि अब उन्हें राशन के लिए दूसरे गाँव के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। संचालिका रूमी देवी ने सभी कार्डधारकों को आश्वस्त किया कि शासन की मंशा के अनुरूप सभी पात्र लाभार्थियों को समय पर और पूरी पारदर्शिता के साथ खाद्यान्न उपलब्ध कराया जाएगा

