Fri, 20 Nov 20266:34 PM
Fri, Nov 20, 2026Updated 6:34 PM IST
होम › मध्य प्रदेश

नर्मदा नहर में पानी की कमी से किसान परेशान, तीन गांवों के ग्रामीणों ने तहसीलदार को सौंपा ज्ञापन

WhatsAppFacebookX

बड़नगर। तहसील क्षेत्र के ग्राम इंगोरिया, कुलावदा एवं सुराखेड़ी के किसानों और ग्रामीणों ने नर्मदा नहर में पर्याप्त पानी नहीं पहुंचने की समस्या को लेकर तहसील कार्यालय पहुंचकर तहसीलदार अनिल मोरे को ज्ञापन सौंपा।

ग्रामीणों ने बताया कि नर्मदा नहर पिछले करीब पांच दिनों से चालू होने के बावजूद एलबीसी लाइन में 57.5 तक पानी नहीं पहुंच पा रहा है। इसके चलते तीनों गांवों के किसानों को सिंचाई के लिए पर्याप्त पानी नहीं मिल रहा है और वे परेशान हो रहे हैं।

किसानों का कहना है कि दत्तोदा, अंबालिया एवं छड़ोदा पॉइंट बंद करवाने के साथ ही जनरेटर के माध्यम से पानी खींचने की प्रक्रिया पर रोक लगाई जाए, तो एलबीसी लाइन में 57.5 तक पानी पहुंच सकता है। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि इस समस्या को लेकर संबंधित विभाग द्वारा अब तक कोई प्रभावी कदम नहीं उठाया गया है।

किसानों ने बताया कि वर्तमान में खेतों में खड़ी फसलों को सिंचाई के लिए पानी की सख्त आवश्यकता है। यदि समय रहते पानी नहीं मिला तो फसलों को भारी नुकसान उठाना पड़ सकता है। ग्रामीणों ने तहसीलदार से मांग की कि नर्मदा नहर विभाग के अधिकारियों को तत्काल निर्देशित कर संबंधित पॉइंट बंद करवाए जाएं और एलबीसी लाइन के अंतिम छोर तक पर्याप्त पानी पहुंचाने की व्यवस्था की जाए, ताकि किसानों को राहत मिल सके।