Mon, 23 Nov 202612:22 AM
Mon, Nov 23, 2026Updated 12:22 AM IST
होम › उत्तर प्रदेश

हमीरपुर में आज शाम बजेगा हवाई हमले का सायरन, दो मिनट रहेगा ब्लैकआउट; प्रशासन ने जारी की एडवाइजरी शाम 5 बजे राजकीय स्पोर्ट्स स्टेडियम में शुरू होगी मॉक ड्रिल, शाम 6 बजे बजेगा

WhatsAppFacebookX

हमीरपुर में आज शाम बजेगा हवाई हमले का सायरन, दो मिनट रहेगा ब्लैकआउट; प्रशासन ने जारी की एडवाइजरी

शाम 5 बजे राजकीय स्पोर्ट्स स्टेडियम में शुरू होगी मॉक ड्रिल, शाम 6 बजे बजेगा दो मिनट तक चेतावनी सायरन

हमीरपुर, 22 नवंबर 2026। जनपद हमीरपुर में आज रविवार को आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने की तैयारियों को परखने के लिए सिविल डिफेंस एयर रेड एवं ब्लैकआउट मॉक ड्रिल आयोजित की जाएगी। यह अभ्यास राजकीय स्पोर्ट्स स्टेडियम में शाम 5 बजे से शुरू होगा। शाम 6 बजे हवाई हमले की चेतावनी के प्रतीक स्वरूप दो मिनट तक सायरन बजाया जाएगा। इसके साथ ही निर्धारित क्षेत्र में बिजली आपूर्ति बंद कर ब्लैकआउट किया जाएगा।

जिलाधिकारी अशोक कुमार के निर्देशन में आयोजित इस अभ्यास में पुलिस, अग्निशमन विभाग, स्वास्थ्य विभाग, विद्युत विभाग, नगर पालिका, नागरिक सुरक्षा और आपदा मित्रों की टीमें हिस्सा लेंगी। इस दौरान आपातकालीन स्थिति में राहत एवं बचाव कार्यों का प्रदर्शन किया जाएगा।

सायरन बजते ही इन बातों का रखें ध्यान

प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की है कि सायरन सुनकर घबराएं नहीं। यह किसी वास्तविक हवाई हमले का संकेत नहीं, बल्कि सुरक्षा तैयारियों को परखने के लिए आयोजित अभ्यास है।

सायरन बजने पर घरों, दुकानों और प्रतिष्ठानों की लाइटें बंद रखें। खिड़की और दरवाजों पर मोटे पर्दे लगाएं, गैस रेगुलेटर तथा विद्युत उपकरण बंद कर दें। वाहन चालक सुरक्षित स्थान पर वाहन रोककर हेडलाइट बंद रखें।

मॉक ड्रिल के दौरान होगा राहत-बचाव का प्रदर्शन

अभ्यास के दौरान आग बुझाने, घायलों को प्राथमिक उपचार देने, क्षतिग्रस्त भवनों में फंसे लोगों को सुरक्षित निकालने और गंभीर घायलों को एंबुलेंस से अस्पताल पहुंचाने का अभ्यास किया जाएगा। अभ्यास समाप्त होने पर ऑल क्लियर सायरन बजाया जाएगा और बिजली आपूर्ति बहाल कर दी जाएगी।

प्रशासन ने जनपदवासियों से अपील की है कि किसी भी तरह की अफवाह पर ध्यान न दें और केवल आधिकारिक सूचनाओं पर भरोसा करें।

संवाददाता: निज़ाम खान
वंदे भारत न्यूज़, हमीरपुर