Mon, 23 Nov 20266:22 PM
Mon, Nov 23, 2026Updated 6:22 PM IST
होम › मध्य प्रदेश

स्वामित्व योजना में उत्कृष्ट कार्य नायब तहसीलदार को मिला प्रदेश स्तरीय सम्मान

WhatsAppFacebookX

स्वामित्व योजना में उत्कृष्ट प्रदर्शन, नायब तहसीलदार उमाकांत शर्मा को प्रदेश स्तर पर सम्मान

मऊगंज जिले का भोपाल में बढ़ा मान, पटवारी बृजेश मिश्रा भी हुए सम्मानित; आबादी भूमि की रजिस्ट्रियों में उल्लेखनीय कार्य के लिए मिला सम्मान

मऊगंज। स्वामित्व योजना के प्रभावी क्रियान्वयन में उल्लेखनीय कार्य करने पर मऊगंज जिले को प्रदेश स्तर पर पहचान मिली है। आबादी भूमि की रजिस्ट्रियां निष्पादित कराने में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए नायब तहसीलदार उमाकांत शर्मा को भोपाल में आयोजित राज्य स्तरीय समारोह में सम्मानित किया गया।

आरसीवीपी नरोन्हा प्रशासन एवं प्रबंधकीय अकादमी, भोपाल में आयोजित समारोह में प्रदेश के राजस्व मंत्री करण सिंह वर्मा, प्रमुख सचिव ई. रमेश कुमार और प्रमुख राजस्व आयुक्त निधि निवेदिता ने उमाकांत शर्मा को सम्मान प्रदान किया। वहीं पटवारी हल्का पन्नी के बृजेश मिश्रा को भी उनके कार्यों के लिए सम्मानित किया गया।

कलेक्टर राजेश कुमार ओगरे के नेतृत्व में जिले में स्वामित्व योजना के क्रियान्वयन के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत ग्रामीण आबादी भूमि की रजिस्ट्रियां कराकर पात्र परिवारों को उनकी आवासीय संपत्ति के वैधानिक दस्तावेज उपलब्ध कराए जा रहे हैं। इस अभियान में राजस्व अधिकारियों और मैदानी अमले के समन्वित प्रयासों की महत्वपूर्ण भूमिका रही है।

ग्रामीणों को मिलेगा संपत्ति पर कानूनी अधिकार

स्वामित्व योजना का उद्देश्य ग्रामीण आबादी क्षेत्रों में रहने वाले परिवारों को उनके मकान और भूखंड का वैधानिक स्वामित्व प्रदान करना है। इसके तहत पात्र हितग्राहियों के अधिकार अभिलेख तैयार कर आबादी भूमि का निःशुल्क पंजीयन कराया जा रहा है। इन दस्तावेजों के माध्यम से ग्रामीण अपनी संपत्ति पर कानूनी अधिकार साबित कर सकेंगे और बैंकों सहित अन्य वित्तीय संस्थाओं से ऋण जैसी सुविधाओं का लाभ भी उठा सकेंगे।

योजना के तहत पात्र हितग्राहियों को रजिस्ट्री प्रक्रिया में पंचायत उपकर और अतिरिक्त स्टाम्प ड्यूटी से छूट का प्रावधान है। पूरी प्रक्रिया निःशुल्क रखी गई है, जिससे ग्रामीण परिवारों पर आर्थिक बोझ डाले बिना उन्हें उनकी आवासीय संपत्ति का वैधानिक अधिकार मिल सके।

नायब तहसीलदार उमाकांत शर्मा और पटवारी बृजेश मिश्रा को मिला यह सम्मान मऊगंज जिले के राजस्व अमले के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है।