हमीरपुर SP को इलाहाबाद हाईकोर्ट की सख्त चेतावनी, एक महीने का दिया अंतिम मौका; आदेश नहीं माना तो शुरू होगी अवमानना की कार्रवाई

हमीरपुर SP को इलाहाबाद हाईकोर्ट की सख्त चेतावनी, एक महीने का दिया अंतिम मौका; आदेश नहीं माना तो शुरू होगी अवमानना की कार्रवाई
गायत्री देवी की याचिका पर हाईकोर्ट सख्त, पुलिस अधीक्षक मृगांक शेखर पाठक को अनुपालन हलफनामा दाखिल करने का निर्देश
हमीरपुर। इलाहाबाद हाईकोर्ट ने हमीरपुर के पुलिस अधीक्षक मृगांक शेखर पाठक के मामले में सख्त रुख अपनाया है। गायत्री देवी की अवमानना याचिका पर सुनवाई करते हुए न्यायमूर्ति पीयूष अग्रवाल की एकल पीठ ने प्रथम दृष्टया माना कि कोर्ट के पूर्व आदेश का जानबूझकर पालन नहीं किया गया। अदालत ने एसपी को एक महीने के भीतर आदेश का अनुपालन सुनिश्चित करने और इस संबंध में हलफनामा दाखिल करने का अंतिम अवसर दिया है।
अदालत ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि अगली सुनवाई तक यदि आदेश का पालन नहीं किया गया तो पुलिस अधीक्षक को व्यक्तिगत रूप से अदालत में उपस्थित होकर जवाब देना होगा कि उनके खिलाफ अवमानना की कार्रवाई क्यों न शुरू की जाए।
क्या है पूरा मामला?
जानकारी के अनुसार, गायत्री देवी के पति राजाराम शुक्ल हमीरपुर में हेड मुहर्रिर के पद पर तैनात थे। बताया गया है कि वह 10 अगस्त 2023 से लापता हैं। पति के लापता होने के बाद गायत्री देवी ने परिवार पेंशन और अन्य सरकारी देय लाभ प्राप्त करने के लिए संबंधित अधिकारियों के समक्ष आवेदन किया था।
मामले को लेकर गायत्री देवी ने इलाहाबाद हाईकोर्ट का दरवाजा खटखटाया था। इस पर 1 अप्रैल 2026 को हाईकोर्ट ने हमीरपुर के पुलिस अधीक्षक को उनके प्रत्यावेदन पर नियमानुसार निर्णय लेने का निर्देश दिया था। अदालत ने इसके लिए अधिमानतः छह सप्ताह का समय निर्धारित किया था।
आदेश का पालन नहीं होने पर दोबारा पहुंचीं अदालत
आरोप है कि हाईकोर्ट के निर्देश के बावजूद निर्धारित समय में आदेश का अनुपालन नहीं किया गया। इसके बाद गायत्री देवी की ओर से अवमानना याचिका दाखिल की गई। पूर्व आदेश का पालन नहीं होने पर दोबारा अवमानना याचिका दाखिल की गई, जिस पर अब हाईकोर्ट ने कड़ा रुख अपनाया है।
अदालत ने एसपी हमीरपुर को एक महीने का अंतिम अवसर देते हुए आदेश का पालन करने और अनुपालन हलफनामा दाखिल करने को कहा है। साथ ही चेतावनी दी है कि ऐसा नहीं होने पर उन्हें स्वयं अदालत में उपस्थित होकर अपना पक्ष रखना होगा।
हाईकोर्ट की इस सख्ती के बाद अब निगाहें पुलिस प्रशासन की अगली कार्रवाई पर टिकी हैं। देखना होगा कि निर्धारित एक महीने के भीतर आदेश का अनुपालन होता है या फिर पुलिस अधीक्षक को अदालत में व्यक्तिगत रूप से पेश होना पड़ता है।
संवाददाता: निज़ाम खान
वंदे भारत न्यूज़ | हमीरपुर

