मारवाड़ी युवा मंच, झरिया शाखा द्वारा विधि पाठ्यक्रमों पर करियर काउंसलिंग सत्र का सफल आयोजन

editor
2 Min Read

झरिया, 09 नवम्बर 2025राष्ट्रीय विधिक सेवा दिवस के अवसर पर मारवाड़ी युवा मंच, झरिया शाखा की ओर से रविवार को मनीष कोचिंग सेंटर, झरिया में “विधि पाठ्यक्रमों पर करियर काउंसलिंग सत्र” का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को कानून की पढ़ाई और उससे जुड़े करियर अवसरों के प्रति जागरूक करना था।

कार्यक्रम में एडवोकेट एवं शिक्षाविद् सुश्री राशी बेहल मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित रहीं। उन्होंने विद्यार्थियों को बताया कि कानून के क्षेत्र में करियर बनाने के इच्छुक छात्र स्नातक के बाद 3 वर्षीय एल.एल.बी. कोर्स या 12वीं के बाद 5 वर्षीय एकीकृत कार्यक्रम (B.A. LL.B., B.B.A. LL.B. आदि) में प्रवेश लेकर अपनी विधि शिक्षा पूरी कर सकते हैं।

उन्होंने विद्यार्थियों को CLAT (कॉमन लॉ एडमिशन टेस्ट) और अन्य प्रमुख प्रवेश परीक्षाओं की तैयारी, परीक्षा पैटर्न और पात्रता से जुड़ी विस्तृत जानकारी दी। सुश्री बेहल ने कहा कि विधि की पढ़ाई सिर्फ वकालत तक सीमित नहीं है — न्यायिक सेवा, कॉरपोरेट लॉ, विधिक सलाहकार, मानवाधिकार, शिक्षण, अनुसंधान और सार्वजनिक नीति जैसे कई क्षेत्रों में सुनहरे अवसर उपलब्ध हैं।

सत्र के दौरान विद्यार्थियों ने कानून की पढ़ाई और भविष्य की संभावनाओं से संबंधित कई प्रश्न पूछे, जिनका सुश्री बेहल ने विस्तार से उत्तर दिया। छात्रों ने कार्यक्रम को अत्यंत उपयोगी और प्रेरणादायक बताया।शाखा अध्यक्ष डॉ. मनीष शर्मा ने बताया कि कार्यक्रम में भाग लेने के लिए पूर्व-पंजीकरण आवश्यक था, जिसे विद्यार्थियों ने निर्धारित व्हाट्सएप नंबर के माध्यम से पूरा किया।

कार्यक्रम संयोजक हितेन शर्मा ने कहा कि इस काउंसलिंग सत्र का उद्देश्य युवाओं को करियर चयन में सही दिशा प्रदान करना है। उन्होंने आश्वासन दिया कि मंच भविष्य में भी ऐसे ज्ञानवर्धक कार्यक्रम आयोजित करता रहेगा ताकि युवाओं को अपने सपनों को साकार करने की प्रेरणा मिलती रहे।कार्यक्रम के सफल संचालन में मंच के सभी सदस्यों का सराहनीय योगदान रहा।#VandeBharatNews

Leave a Comment