राठ डिपो की तेज रफ्तार रोडवेज बस ढाबे में घुसी, मची अफरा-तफरी; ढाबे को करीब ढाई लाख रुपये का नुकसान

राठ डिपो की तेज रफ्तार रोडवेज बस ढाबे में घुसी, मची अफरा-तफरी; ढाबे को करीब ढाई लाख रुपये का नुकसान
राठ (हमीरपुर)। हमीरपुर जिले में राठ-हमीरपुर मार्ग पर बुधवार देर रात एक तेज रफ्तार रोडवेज बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे स्थित ढाबे में जा घुसी। अचानक हुई टक्कर से ढाबे में मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। गनीमत रही कि हादसे के समय बस में कोई यात्री सवार नहीं था और किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
जानकारी के अनुसार, राठ डिपो की बस बुधवार शाम करीब पांच बजे कानपुर से सवारियां लेकर राठ के लिए रवाना हुई थी। बिवार पहुंचने पर बस में तकनीकी खराबी आ गई, जिसके बाद यात्रियों को दूसरी बस से उनके गंतव्य के लिए भेज दिया गया।
बताया गया कि रात करीब 11 बजे बस चालक बिना डिपो को सूचना दिए बस लेकर बिवार से निकल पड़ा। बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे के पास धनौरी गांव से पहले चालक बस पर नियंत्रण खो बैठा और बस सड़क किनारे स्थित मुखिया ढाबे में जा घुसी।
ढाबा संचालक मर्दन सिंह राजपूत के मुताबिक, घटना के समय ढाबे में करीब 10 से 12 लोग खाना खा रहे थे। बस की टक्कर से ढाबे को लगभग ढाई लाख रुपये का नुकसान हुआ है।
डिपो के स्टेशन इंचार्ज निखिल वर्मा के अनुसार, चालक के नशे में होने की बात सामने आई है। इस संबंध में चालक से स्पष्टीकरण मांगा जाएगा और मामले में आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
संवाददाता: निजाम खान
वंदे भारत न्यूज़, हमीरपुर।

