Sun, 29 Nov 202611:54 AM
Sun, Nov 29, 2026Updated 11:54 AM IST
होम › उत्तर प्रदेश

हमीरपुर: चलती वैन में लगी भीषण आग, चालक समेत पांच लोगों ने कूदकर बचाई जान, जलकर राख हुई गाड़ी

WhatsAppFacebookX

हमीरपुर: चलती वैन में लगी भीषण आग, चालक समेत पांच लोगों ने कूदकर बचाई जान, जलकर राख हुई गाड़ी

मुस्करा (हमीरपुर)। हमीरपुर जिले में मुस्करा क्षेत्र के बिहूनी गांव के पास बिरमा नदी पुल के अप्रोच मार्ग पर चलती वैन में अचानक आग लगने से हड़कंप मच गया। वैन में सवार चालक समेत पांच लोगों ने समय रहते कूदकर अपनी जान बचाई। देखते ही देखते आग ने पूरी वैन को अपनी चपेट में ले लिया और वाहन जलकर राख हो गया।

जानकारी के अनुसार, कानपुर के बिधनू निवासी अमन वैन लेकर कानपुर से राठ एक मरीज को छोड़ने आए थे। वापस लौटते समय उन्होंने मुस्करा से चार सवारियों को वैन में बैठा लिया। बिहूनी गांव के पास बिरमा नदी पुल के अप्रोच मार्ग पर अचानक वैन से धुआं निकलने लगा।

स्थिति को भांपते हुए चालक ने वैन को सड़क किनारे खड़ा किया। इसी दौरान वाहन में आग की लपटें उठने लगीं। खतरा देखते हुए चालक और चारों सवारियों ने वैन से कूदकर अपनी जान बचाई।

घटना की सूचना मिलने पर फायर ब्रिगेड की दो गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन तब तक वैन पूरी तरह जल चुकी थी। प्रभारी निरीक्षक कौशल सिंह ने भी मौके पर पहुंचकर घटना की जानकारी ली।

गनीमत रही कि इस भीषण अग्निकांड में कोई जनहानि नहीं हुई।

संवाददाता: निजाम खान
वंदे भारत न्यूज़, हमीरपुर।