पेड़ से लटका मिला विवाहिता का शव, जांच में जुटी पुलिस

पेड़ से लटका मिला विवाहिता का शव, जांच में जुटी पुलिस
बाराबंकी के बेलहरा में शुक्रवार सुबह 35 वर्षीय नीलम रावत का शव गांव के बाहर फतेहपुर-बेलहरा मार्ग के किनारे पेड़ से लटका मिला। पुलिस मौत के कारणों की जांच कर रही है।
नीलम नगर पंचायत बेलहरा के डिप्टीगंज वार्ड निवासी राजेश रावत की पत्नी थीं। सूचना मिलते ही आसपास के लोग मौके पर जुट गए।
नीलम ग्राम गोदामऊ, थाना रामनगर निवासी किशोरी लाल की बेटी थीं। वह बृहस्पतिवार को ससुराल आई थीं। उसी दिन उनके पति राजेश लखनऊ में मजदूरी करके घर लौटे थे।
परिजनों के मुताबिक, रात में नीलम घर से गायब हो गई थीं। सुबह उनका शव गांव के बाहर मिला।
पुलिस मौके पर पहुंची और परिजनों के आने का इंतजार किया। उनके पहुंचने के बाद शव को नीचे उतारा गया। पंचनामा भरकर शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।
चौकी प्रभारी अवधेश कुमार ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का कारण पता चलेगा।

