एक साल से पुलिस को दे रहा था चकमा, 10 हजार का इनामी आरोपी खरगोन से गिरफ्तार; बड़नगर पुलिस की बड़ी कार्रवाई

न्याय शुल्क में लाखों की धोखाधड़ी का आरोपी खरगोन से गिरफ्तार, बड़नगर पुलिस को मिली बड़ी सफलता
उज्जैन जिले के बड़नगर में न्यायालयीन प्रकरणों में फर्जी और कूटरचित न्याय शुल्क रसीदें प्रस्तुत कर लाखों रुपये की धोखाधड़ी करने वाले फरार आरोपी को बड़नगर पुलिस ने खरगोन से गिरफ्तार किया है। आरोपी पिछले करीब एक साल से फरार चल रहा था और उसकी गिरफ्तारी पर पुलिस अधीक्षक द्वारा 10 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था।
पुलिस अधीक्षक प्रदीप शर्मा के निर्देशन में जिले में फरार आरोपियों की धरपकड़ के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण करणदीप सिंह और एसडीओपी बड़नगर रूपरेखा यादव के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी एनबीएस परिहार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने यह कार्रवाई की।
मामले में बड़नगर न्यायालय के निर्देश पर प्रवर्तन लिपिक द्वारा चार लिखित शिकायतें प्रस्तुत की गई थीं। शिकायतों के आधार पर उज्जवल जोशी, पिता ज्ञानेश्वर जोशी, निवासी व्यास कॉलोनी बड़नगर के खिलाफ न्यायालयीन प्रकरणों में फर्जी न्याय शुल्क रसीदें प्रस्तुत कर धोखाधड़ी करने के चार अलग-अलग मामले दर्ज किए गए थे।
प्रकरण दर्ज होने के बाद से ही पुलिस आरोपी की तलाश कर रही थी। उसके निवास सहित कई संभावित ठिकानों पर दबिश दी गई, लेकिन वह लगातार पुलिस को चकमा दे रहा था। आखिरकार मुखबिर सूचना और तकनीकी साक्ष्यों की मदद से पुलिस ने आरोपी को खरगोन जिले से हिरासत में लेकर गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस अब आरोपी को न्यायालय में पेश कर पुलिस रिमांड पर लेने की तैयारी कर रही है। साथ ही इस पूरे मामले में शामिल अन्य आरोपियों और सहयोगियों की भूमिका को लेकर भी पूछताछ की जा रही है।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक एनबीएस परिहार, निरीक्षक विकास सिंह देवड़ा, साइबर सेल के निरीक्षक प्रतीक यादव, प्रधान आरक्षक राजपाल सिंह चंदेल, प्रेम साबरवाल सहित आरक्षक महेश मौर्य, अजय चौहान और शोभित शुक्ला की सराहनीय भूमिका रही।

