अध्यक्ष पत्नी, पर चलती पति की”: बड़नगर जनपद में भ्रष्टाचार के आरोपों पर संग्राम, कार्रवाई न हुई तो CM से मिलेंगे सदस्य

जनपद पंचायत बड़नगर की सियासत इन दिनों पूरी तरह गरमाई हुई है। जनपद अध्यक्ष निर्मला बाई के पति उमराव सिंह राठौड़ पर पंचायत के कामकाज में अवैधानिक हस्तक्षेप, पद के रौब के दुरुपयोग, कमीशनखोरी और रिश्वतखोरी के गंभीर आरोपों ने जिले में हलचल मचा दी है। वार्ड क्रमांक 23 (चिकली) के जनपद सदस्य भरत चौहान और जनपद सदस्य जुझार सिंह राठौर ने अन्य सदस्यों के साथ कलेक्टर को शिकायती आवेदन व ज्ञापन सौंपकर इस पूरे मामले की निष्पक्ष जांच और सख्त कार्रवाई का बिगुल फूंक दिया है।
कमीशन, प्रॉपर्टी और ‘हुटर’ का तड़का
शिकायत लेकर पहुंचे सदस्यों ने सीधे तौर पर ‘पतिराज’ और भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप जड़े हैं। जनपद सदस्य भरत चौहान का आरोप है कि अध्यक्ष का पति उमराव सिंह राठौड़ द्वारा शुरू से ही पंचायत कार्यों में दखल दिया जा रहा है और राशि जारी करने के नाम पर कमीशन मांगा जाता है। उन्होंने दावा किया कि ग्राम कुलावदा में 5 महीने पहले राशि स्वीकृत होने के बावजूद काम शुरू नहीं हो सका। चौहान ने यह भी आरोप लगाया कि एक सरपंच से कथित तौर पर 1 लाख रुपये लिए जाने की चर्चा के बाद वीडियो जारी कर इनकार किया गया, जिसके सबूत उनके पास होने का दावा किया गया है।
वहीं, जनपद सदस्य जुझार सिंह राठौर ने और भी तीखे तेवर दिखाते हुए आरोप लगाया कि जनपद में कमीशनखोरी का खेल चल रहा है, राशि काटी जा रही है और सरपंचों से पैसा वसूला जा रहा है। राठौर का दावा है कि इसी कथित कमाई से प्रॉपर्टी बनाई जा रही है, ऐश किया जा रहा है, “मध्य प्रदेश शासन” लिखी गाड़ी में घूमा जा रहा है और उस पर कथित रूप से हुटर लगाकर रुतबा दिखाया जा रहा है।
“कुर्सी पत्नी की, पर हुक्म पति का”—बैठक की फोटो भी सौंपी
सदस्यों का कहना है कि निर्वाचित अध्यक्ष निर्मला बाई के बजाय उनके पति उमराव सिंह राठौड़ कथित तौर पर बैठकें ले रहे हैं, निर्णय कर रहे हैं और कामकाज चला रहे हैं। जुझार सिंह राठौर ने बताया कि ज्ञापन के साथ वह फोटो भी लगाई गई है, जिसमें कथित रूप से बैठक में बैठे हुए दिखाया गया है क्योंकि उनके मुताबिक मीटिंग वही संचालित कर रहे हैं। भरत चौहान ने यह भी कहा कि निर्दलीय चुनाव लड़ने के बावजूद अब पार्टी के नाम का सहारा लिया जा रहा है, जिससे पार्टी की छवि को नुकसान पहुंचने की आशंका है।
कार्रवाई नहीं हुई तो सीधे CM के दरबार
जनपद सदस्यों ने कलेक्टर से मांग की है कि पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच हो, स्वीकृत राशि और रुके कार्यों की पड़ताल की जाए तथा पद के कथित दुरुपयोग और आर्थिक अनियमितताओं पर कड़ी वैधानिक कार्रवाई की जाए। जुझार सिंह राठौर ने साफ चेतावनी दी कि महिला अध्यक्ष के पद की आड़ में चल रहे इस कथित “रिश्वतखोरी के बिजनेस” पर दंडात्मक कार्रवाई होनी चाहिए, वरना वे आगे मुख्यमंत्री से मुलाकात कर अपनी बात रखेंगे।

